पंजाब: मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ बोले- पिछली सरकार का कोई प्रोजेक्ट नहीं रोका, भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कर रहे
पंजाब में बिजली व लोकल निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि, उनकी सरकार ने पिछली सरकार का कोई प्रोजेक्ट नहीं रोका। हरभजन ने कहा कि, अब तक की सरकारों में बिजली और लोक निर्माण विभाग में करप्शन, ब्यूरोक्रेट्स और पॉलिटिशयन का नेक्सस रहा है। हमने एक तो क्रप्शन, ब्यूरोक्रेट्स और पॉलिटिशयंस के नेक्सस को तोड़ा है और मशीनरी को इम्प्रूव किया है। इससे कामकाज की गुणवत्ता बढ़ी है।

बिजली व लोकल निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि, हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति से दलालों पर रोक लगी है। हम उस मशीनरी की बात कर रहे हैं, जो सड़कों के मैटेरियल की क्वाॅलिटी चेक करने के लिए आवश्यक होती है। पंजाब के पास सड़के बनाने को विभिन्न जिलों में 140 हाट मिक्स प्लांट हैं। पहले की सरकारों में घटिया या कम मैटेरियल इस्तेमाल होता रहा है, जिससे सड़कें जल्द खराब हो जाती थीं। अब हमने मैटेरियल की गुणवत्ता जांचने को हाईटेक मशीनें लगा दी हैं जो तुरंत मैटेरियल कम ज्यादा की जानकारी देती हैं। इससे सड़कों की क्वाॅलिटी सुधर रही है। वे अपनी निश्चित अवधि से पहले खराब नहीं होंगी।
हरभजन बोले कि, लोक निर्माण विभाग के अधीन 80,000 किलोमीटर सड़कों की देखरेख का काम जिम्मा है, सभी जिलों में विभाग की टीमें इसकी जांच कर रही हैं। विभाग रोड स्ट्रक्चर ऐसा बनाने जा रहा है, जिससे हादसों को रोका जा सकेगा।
प्रदेश में 14 प्रतिशत बिजली चोरी पाई गई है। इसमें भी बॉर्डर क्षेत्रों में अधिक है। इसके लिए सरकार ने फ्लाइंग स्क्वायड टीमें गठित की हैं और बिजली चोरी रोकने के लिए हमने प्रदेश में स्पेशल कैंपेन चलाई गई है। आम आदमी, कर्मचारी, अधिकारी, व्यापारी या पॉलिटिशियन, जो भी बिजली चोरी करते पकड़ा जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications