पंजाब: सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने जिलों की रिपोर्ट देने को कहा, जानें क्यों?
जालंधर: राज्य की अफसरशाही द्वारा 2 बार मुख्यमंत्री के निर्देशों की अवहेलना करने के बाद पंजाब सरकार ने एक बार फिर से प्रशासनिक अधिकारियों को उन्हें आबंटित जिलों में दौरा करके रिपोर्ट देने को कहा है। अधिकारियों को जिलों में चल रहे कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा के लिए दौरे करने को कहा गया था जिनमें पराली प्रबंधन, धान की लिफ्टिंग, मोहल्ला क्लीनिक की कार्यकुशलता समेत अन्य कार्य शामिल हैं। अधिकारियों ने दो बार मुख्यमंत्री के निर्देशों की उपेक्षा करते हुए रिपोर्ट नहीं भेजी।

पंजाब सरकार ने अपने वादे के मुताबिक विगत 5 अप्रैल को सचिवों की विभिन्न जिलों में ड्यूटी लगाई थी परन्तु 6 माह तक किसी भी अधिकारी ने मुख्यमंत्री के निर्देशों की तामील नहीं की और कोई भी अधिकारी अपने आबंटित जिले में नहीं गया। इन प्रशासनिक अधिकारियों से 21 अक्तूबर को आबंटित जिलों में दौरों की रिपोर्ट मांगी गई थी परन्तु किसी भी अधिकारी ने रिपोर्ट नहीं भेजी। बाद में मुख्यमंत्री ने फिर 30 अक्तूबर को यह रिपोर्ट मांगी, तब भी किसी अधिकारी ने इन दौरों की रिपोर्ट नहीं दी परन्तु अब अधिकारियों में दौरे करने को लेकर हलचल शुरू हो गई। सबसे अधिक नजर खाद आपूर्ति विभाग और कृषि विभाग पर थी परन्तु दोनों की सक्रियता का परिणाम निराशाजनक रहा।












Click it and Unblock the Notifications