पंजाब सरकार का यूनिवर्सिटी-कॉलेज शिक्षकों को बड़ा तोहफा, सातवें वेतनमान को लागू करने की घोषणा
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने यूनिवर्सिटी और कॉलेज शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है। भगवंत मान सरकार ने राज्य के विश्वविद्यालयों व कालेजों के शिक्षकों के लिए सातवें वेतनमान को लागू करने की घोषणा की है। सरकार ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

यूनिवर्सिटी और कॉलेज के 20 हजार शिक्षकों को मिलेगा
पंजाब सरकार ने बुधवार को सातवां वेतनमान लागू करने को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया। दिवाली से पहले ही शिक्षकों के घर में खुशी का माहौल है। बुधवार शाम को जैसे ही पंजाब सरकार की ओर से सातवें वेतनमान जारी करने को लेकर नोटिफिकेशन जारी हुई पंजाब यूनिवर्सिटी और एफिलिएटेड शहर के कालेजों में शिक्षकों के बीच बधाई का दौर शुरू हो गया।
शिक्षक लंबे समय से सातवें वेतनमान के नोटिफिकेशन को लेकर इंतजार कर रहे थे। पंजाब सरकार के इस नोटिफिकेशन से चंडीगढ़ के साथ ही पंजाब की सभी यूनिवर्सिटी और उनसे एफिलिएटेड कालेजों के करीब बीस हजार शिक्षकों के वेतन में 10 से 30 हजार तक बढ़ोतरी हो जाएगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर शिक्षकों की मांग पर कालेज और यूनिवर्सिटी प्रोफेसर्स को सातवां वेतनमान देने का एेलान किया था। करीब 25 दिनों से शिक्षक मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे थे।
एक अक्टूबर 2022 से मिलेगा नया वेतनमान
सातवां वेतनमान की नोटिफिकेशन का लाभ एक अक्टूबर 2022 से सभी यूनिवर्सिटी और कालेज शिक्षकों को मिलेगा। देश भर में पंजाब सरकार ने सबसे देरी से सातवां वेतनमान जारी किया है। जानकारी अनुसार पंजाब सरकार एक जनवरी 2016 से सातवां वेतनमान शिक्षकों को जारी करेगी। एरियर को पंजाब सरकार ने दो किस्तों में बाद में देने का वादा किया है। सातवें वेतनमान लागू होने से चंडीगढ़ और पंजाब के कालेजों में गेस्ट और कांट्रेक्ट पर कार्यरत्त सैंकड़ों शिक्षकों का भी वेतन बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications