गुजरात में BJP-कांग्रेस पर बरसे भगवंत मान, कहा- देश बेचकर विधायक खरीदती है भाजपा
चंडीगढ़: गुजरात दौरे पर गए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारी कंपनियों को और कांग्रेस अपने विधायकों को सेल पर लगाई हुई है। भाजपा अपनी सरकार बनाने के लिए देश बेचकर कांग्रेस के विधायक खरीदती है। गुजरात के सुरिंदर नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मान ने कांग्रेस पर भाजपा से मिले होने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस चाहती है कि गुजरात में भाजपा की सरकार बने इसीलिए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुजरात से नहीं गुजर रही है।

मान ने भाजपा पर भी तीखे हमले किए और कहा कि अगर मौजूदा सरकार ने राज्य में काम किया होता तो उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गुजरात दौरे के समय झुग्गी-झोपड़ियों को छुपाने की जरूरत नहीं पड़ती। भाजपा ने गुजरात की तरह ही दिल्ली के एमसीडी को भी बर्बाद कर दिया है। दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूलों को अरविंद केजरीवाल ने विश्व स्तरीय बना दिया। वहीं, भाजपा ने एमसीडी के सरकारी स्कूलों को बर्बाद कर दिया। ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने दिल्ली के सरकारी स्कूल देखने की इच्छा जताई तो इन्हें मजबूरी में दिल्ली सरकार के सरकारी स्कूलों को ही दिखने पड़े।
मान ने गुजरात के लोगों से आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की और कहा कि यह भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से निकली ईमानदार पार्टी है। हम सच की राजनीति करते हैं, इसीलिए मात्र 10 साल के भीतर हमारी दो राज्यों में सरकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पैसा है, इसलिए अगर वे वोट के लिए पहले पैसा दें तो ले लेना क्योंकि वह आपका ही लूटा हुआ पैसा है, लेकिन वोट अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आम आदमी पार्टी को देना। उन्होंने कहा कि पंजाब में हमने भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म कर दिया। सरकार बनते ही हमने एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी किया। उस नंबर पर आई शिकायतों के आधार पर 200 से ज्यादा भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों-अफसरों पर कार्रवाई की। अब पंजाब के अफसर रिश्वत मांगने से डरते हैं।
सुरेंद्र नगर के कपास किसानों का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि पंजाब में पिछली अकाली-भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने किसानों की हालत दयनीय बना दी थी। हम उसे ठीक कर रहे हैं। गुजरात में भी सरकार बनने पर हम किसानों की हालत ठीक करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications