पंजाब: CM भगवंत मान ने दिया इस जिले के किसानों को तोहफा, फसलों का मुआवजा जारी
फाजिल्का। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज फाजिल्का जिले के किसानों को बड़ा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, फाजिल्का जिले के किसानों के लिए 32 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि, हम समझते हैं कि, इस जिले में किसानों की फसलों का भारी नुकसान हुआ था। किसानों को मुआवजे की जरूरत थी। इसलिए, हमने यह मुआवजा जारी करने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, किसान लंबे समय से मुआवजे की मांग कर रहे थे और पिछले 2 साल से मुआवजे की मांग पर किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि पिछली सरकार ने अभी तक नुकसान की भरपाई नहीं की। इस मौके पर फाजिल्का जिले के विधायकों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। वहीं, कई किसानों ने कहा कि, 2020 में फाजिल्का में किसानों की फसलों का भारी नुकसान हुआ था। अब राहत मिलेगी।
सरकार फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़ा फैसला लेगी
पंजाबी फिल्म और संगीत जगत को देश-विदेश में नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने के लिए मान सरकार उत्तरी भारत की पहली फिल्म और मनोरंजन सिटी बनाने जा रही है। राज्य में फिल्म सिटी की स्थापना के लिए बुनियादी ढांचे, अन्य जरूरतों का विस्तार से अध्ययन करने के लिए पंजाब के आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रतिनिधिमंडल सहित रामोजी फिल्म सिटी और अन्नपूर्णा स्टूडियोज, हैदराबाद का दौरा किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार मनोरंजन उद्योग के लिए उचित स्थान पर अत्याधुनिक फिल्म और मनोरंजन सिटी की स्थापना करने की ओर विशेष ध्यान दे रही है। अपने बेहतरीन लैंडस्केप के कारण पंजाब हमेशा ही फिल्म उद्योग के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है, लेकिन यहां जरुरी बुनियादी ढांचे और साजो-सामान की कमी हमेशा चुभती रही है। अपनी प्राकृतिक सुंदरता, चार मौसम और अपनी संपन्न संस्कृति और विरासत के लिए जाने जाते पंजाब में कैमरों की जरूरतों को पूरा करने की अथाह क्षमता है। राज्य के दो अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, राज्य के हर गांव तक पहुंचने वाले बढ़िया सड़क संपर्क, रेल संपर्क और आधुनिक जीवन शैली हॉलीवुड, बॉलीवुड, पॉलीवुड और टॉलीवुड को राज्य की ओर आकर्षित करने के लिए बहुत अहमियत रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications