ईमानदारी को सम्मान: लाखों रुपए वापस करने वाले PRTC कर्मचारियों को पंजाब CM मान ने सराहा
जालंधर। बस में पैसे से भरा बैग भूल जाने वाले व्यक्ति को उसके लाखों रुपए वापस करने वाले PRTC कर्मचारियों की हर ओर तारीफ हो रही है। आज उन PRTC कर्मचारियों को उनकी ईमानदारी के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि, वह उन नेक पी.आर.टी.सी. के अधिकारियों की बहुत सराहना करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, आज भी समाज में ईमानदारी की मिसाल कायम है। उन्होंने कहा कि, हमें भी ईमानदारी से ही राहत मिलती है।

सीएम ने किया कर्मिंयों को सम्मानित
बता दें कि, पंजाब में कुछ दिन पहले एक शख्स पी.आर.टी.सी. बस में अपना पैसों से भरा बैग भूल गया था, जिसमें 4.30 लाख रुपए की राशि थी। जब बस कर्मचारियों ने बैग में पैसे देखे तो उन्होंने उसे सुरक्षित रूप से संबंधित व्यक्ति तक पहुंचा दिया। मुख्यमंत्री ने आज इन दोनों कार्यकर्ताओं को अपने घर बुलाया और उनकी पीठ थपथपाते हुए कहा कि ईमानदारी से काम करने से ही सच्ची शांति मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, एक ईमानदार व्यक्ति ही अपना सीना ऊंचा करके चल सकता है।

श्री दरबार साहिब का मॉडल पेश किया
सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडिल पर उक्त पी.आर.टी.सी. कर्मियों के साथ सीएम की तस्वीर जारी की गई। जिसके साथ लिखा गया कि, आज मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री दरबार साहिब का मॉडल पेश कर दोनों कर्मचारियों को सम्मानित किया। कैप्शन में लिखा गया कि, वह पी.आर.टी.सी. के अधिकारियों की बहुत सराहना करते हैं।

मन को शांति नहीं देता भ्रष्टाचार से कमाया हुआ धन
वहीं, सीएम ने कहा कि, बस में पैसे से भरा बैग भूल जाने वाले व्यक्ति की मन की स्थिति को समझने की जरूरत है कि, उस समय वह कितना तनाव में होगा। उन्होंने कहा कि, ईमानदारी से कमाना बहुत मुश्किल है लेकिन बहुत से लोग गलत तरीकों से पैसा कमाते हैं लेकिन उन्हें वह सच्चा आराम नहीं मिलता है। भ्रष्टाचार से कमाया हुआ धन मन को शांति नहीं देता। भगवान के मंदिर में भी हिसाब देना पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications