पंजाब: ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की बड़ी कार्रवाई, डीजल चोरी करते 2 ड्राइवर गिरफ्तार
पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज राज्य की सार्वजनिक बस सेवा में गलत कामों पर अंकुश लगाने के लिए शुरू की मुहिम के तहत 2 अलग-अलग मामलों में डीजल चोरी करने वाल 2 ड्राइवरों को काबू किया है। इन्हें 35 लीटर डीजल चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
ट्रांसपोर्ट मंत्री ने कहा कि पिछले दिनों मंत्री के उड़नदस्ते ने हरियाणा में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की थी। सिरसा बस अड्डे पर गत रात्रि 10.30 बजे चैकिंग दौरान पनबस डिपो रूपनगर की बस नंबर (पीबी-12-वाई 1540) के चालक राजपाल सिंह को करीब 20 लीटर डीजल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

इसी तरह हिसार (हरियाणा) के बस स्टैंड पर रात चैकिंग दौरान पनबस डिपो श्री मुक्तसर साहिब की बस नंबर (पीबी-04-एए 7459) के ड्राइवर लखविंदर सिंह करीब 15 लीटर डीजल चोरी करने पर मामला दर्ज किया है। कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इसके अलावा मंत्री के उड़नदस्ते ने भी एक बस के अनाधिकृत रूट पर चलने की सूचना दी है।
इस मामले में मुल्लांपुर दाखा में चेकिंग के दौरान ड्राइवर बलदेव सिंह और कंडक्टर हरपाल सिंह को अनाधिकृत रूट पर बस ले जाते हुए पकड़ा गया, जो मूल रूट पर सवारियां छोड़कर विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे थे। फिरोजपुर डिपो की यह बस (नंबर पीबी-05-एबी 5350) मुल्लांपुर बस स्टैंड की बजाय पुल से ले जाई जा रही थी। इसी तरह बलाचौर में अमृतसर-2 डिपो की बस नंबर पीबी-02-ईजी 9376 एक अनाधिकृत ढाबे पर खड़ी पाई गई। इस मामले में ड्राइवर रणजीत सिंह और कंडक्टर जगजीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रांसपोर्ट मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को इन मामलों में नामित ड्राइवरों और कंडक्टरों के खिलाफ उचित विभागीय कार्रवाई करने का आदेश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications