सिद्धू के लीक वीडियो पर अकाली दल ने उठाए सवाल, सर्वदलीय बैठक का पूरा वीडियो जारी करने की मांग
चंडीगढ़, 27 अक्टूबर: पंजाब में बीएसएफ का अधिकार क्षेत्र बढ़ाने के लिए बुलाई सर्वदलीय मीटिंग को लेकर राज्य की राजनीति गर्मा गई है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने मीटिंग में रखे अपने पक्ष का वीडियो जारी किया है। जिस पर शिरोमणि अकाली दल (बादल) भड़क गया है। पार्टी ने कहा है कि राज्य सरकार ने सिर्फ सिद्धू के वीडियो को लीक किया है। जो निंदनीय है क्योंकि यह मीटिंग किसी पार्टी नहीं पंजाब सरकार ने बुलाई थी।

अकाली दल प्रवक्ता डॉ. दलजीत चीमा ने मामले को लेकर कहा कि हम सीएम चरणजीत चन्नी से मांग करते हैं कि मीटिंग की पूरी वीडियो मीडिया को दी जाए। इससे पता चलेगा कि इस मुद्दे पर किस पार्टी ने क्या कहा है? अकाली दल ने इसे सिद्धू को कांग्रेस पार्टी की सरकार का हीरो बनाने की कोशिश करार दिया है। शिअद ने कहा है कि कांग्रेस इस तरह की हरकतें ना करे।
पंजाब में बीएसएफ का अधिकार क्षेत्र बॉर्डर से 15 से 50 किमी बढ़ाने को लेकर सियासत तेज है। विपक्ष ने सीएम चन्नी की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात को इसका जिम्मेदार ठहराया। इसके जवाब में सीएम चन्नी ने सर्वदलीय मीटिंग बुलाई। इस मीटिंग का लाइव टेलीकास्ट नहीं किया गया। बाद में सीएम चन्नी और प्रधान सिद्धू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि सभी दलों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके बीएसएफ का अधिकार बढ़ाने का विरोध किया है। जल्द ही इस बारे में विधानसभा सेशन बुलाया जाएगा।

सिद्धू ने अपना वीडियो कर दिया ट्वीट
बीएसएफ के मुद्दे पर बंद कमरे में सर्वदलीय मीटिंग हुई थी। जिसमें मीडिया को भी आने की इजाजत नहीं दी गई। इसके कुछ वक्त बाद सिद्धू ने मीटिंग में रखी अपनी बातों का वीडियो ट्वीट कर दिया। जिसमें सिद्धू ने खुलकर केंद्र सरकार के इस फैसले का विरोध किया। इसके बाद अकाली दल ने मोर्चा खोल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications