पंजाब: AAP नेताओं ने CM भगवंत मान को दिया सुझाव, 2 चरणों में करवाएं कार्पोरेशन चुनाव
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सुझाव दिया है कि कार्पोरेशन चुनावों को 2 चरणों में करवाया जाए और एक चरण करवाने के बाद दूसरा चरण 15-20 दिनों के बाद करवाया जाए।
'आप' के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान इस सुझाव पर भी गौर कर रहे हैं परंतु अंतिम फैसला वह आने वाले समय में लेंगे।

2 चरणों में कार्पोरेशन चुनाव करवाने का तर्क देने वाले नेताओं का मानना है कि इससे आम आदमी पार्टी पूरे जोर-शोर से चुनावी जंग लड़ सकेगी अन्यथा एक चरण में चुनाव होने पर उसे सभी शहरों में पूरी ताकत झोंकनी पड़ेगी।
पंजाब में जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा में कार्पोरेशन चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी अगर 2 हिस्सों में कार्पोरेशन चुनाव करवाती है तो उस स्थिति में वह इन शहरों के चुनाव आसानी से जीत सकेगी। कार्पोरेशन चुनाव विधानसभा व लोकसभा चुनाव से भिन्न होते हैं और इसमें नेताओं को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। नेताओं को इन चुनावों में व्यक्तिगत तौर पर मतदाताओं से सम्पर्क साधना पड़ता है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को यह भी तर्क दिया गया है कि कार्पोरेशन चुनाव करवाने से पहले वह इन सभी शहरों में विशेष पैकेज का ऐलान करें। जालंधर को पिछले दिनों मुख्यमंत्री विशेष पैकेज देकर गए थे और करोड़ों की ग्रांट का ऐलान किया था।
मुख्यमंत्री से जालंधर की तरह अमृतसर, लुधियाना, पटियाला तथा बठिंडा में भी कार्पोरेशनों को करोड़ों की ग्रांटें देने के लिए कहा जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को अभी तक यही सुझाव दिया गया है कि सितम्बर मध्य के बाद कार्पोरेशन चुनाव करवाए जाएं। कुछ नेताओं का मानना है कि लोकसभा चुनाव से 3-4 महीने पहले कार्पोरेशन चुनाव होने चाहिए जिससे आम आदमी पार्टी इन चुनावों को जीत कर उसका प्रभाव लोकसभा चुनावों तक ले जा सके। 'आप' के नेता चाहते हैं कि कार्पोरेशन चुनाव से पहले अन्य पार्टियों के पूर्व पार्षदों को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया जाए और उसका असर भी कार्पोरेशन चुनावों पर पड़े। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता यह भी कह रहे हैं कि वार्डबंदी को पूरा करने का कार्य कुछ समय के लिए और पीछे डाला जाए ताकि यह अदालती चक्करों में न पड़ सके।












Click it and Unblock the Notifications