TDP चीफ चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का दिल्ली में राजघाट पर विरोध, टीडीपी सांसदों ने लगाई काली पट्टी
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडू 371 करोड़ रुपये के सरकारी धन घोटाला मामले में अपने ऊपर लगे कथित आरोपों को झेल रहे हैं। हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई 21 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी है। वहीं दूसरी ओर टीडीपी नेता और कार्यकर्ता इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।
टीडीपी नेता नारा लोकेश के साथ पार्टी के सांसदों ने राजघाट पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि एनसी नायडू पर ये कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई। उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए। विरोध में पूर्व सांसद कोंकल्ला नारायण ने अदालती कार्यवाही में न्याय की उम्मीद जताई। उन्होंने न्याय और धार्मिकता पर भरोसा जताते हुए कहा कि चंद्रबाबू नायडू पर लगे आरोप झूठें और बेबुनियाद हैं। उनकी गिरफ्तारी भी अवैध रूप से की गई है। ऐसे में उनकी रिहाई के लिए नारा लोकेश कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श कर रहे हैं।

टीडीपी चीफ एन चंद्रबाबू नायडू ने कोर्ट में अंतरिम जमानत याचिका के साथ-साथ नियमित जमानत याचिका भी दायर की है। इससे पहले उनकी याचिका पर सुनवाई 19 सिंतबर तक के लिए टाली गई थी। लेकिन जब वे कोर्ट में पेश हुए तो एसीबी कोर्ट ने उनकी हिरासत की अवधि 23 सितंबर तक बढ़ा दी है। मामले में एसीबी की विशेष अदालत सुनवाई कर रही है।
टीडीपी चीफ एनसी नायडू को कौशल विकास निगम के कोष के दुरुपयोग के लिए 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस कार्रवाई को लेकर लोकसभा सदस्य व टीडीपी नेता राम मोहन नायडू किंजरापु ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीच में राम मोहन नायडू ने कहा कि पार्टी संसद के विशेष सत्र के दौरान टीडीपी प्रमुख की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाएगी।
नायडू की ओर से हाईकोर्ट में मंगलवार (19 सितंबर) को हाईकोर्ट में पेश हुए अधिवक्ता हरीश साल्वे ने वर्चुअली अपनी दलीलें पेश की। हरीश साल्वे ने अदालत से कहा कि नायडू के खिलाफ मामला आगामी चुनावों को देखते हुए राजनीति से प्रेरित है। हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के लिए 21 सितंबर की तारीख निश्चित की है।
वहीं दूसरी ओर चंद्रबाबू की गिरफ्तारी के खिलाफ हैदराबाद में भी विरोध प्रदर्शन हो रहा है। केबीआर पार्क में टीडीपी नेता, समर्थक और आईटी कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल टीडीपी समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने चंद्रबाबू नायडू की तत्काल रिहाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications