यूपी चुनाव के बीच अगले हफ्ते ननिहाल आएंगी प्रियंका गांधी वाड्रा, जानिए क्या है प्रयागराज में उनका कार्यक्रम
प्रयागराज, 10 फरवरी 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का मुख्य चेहरा हैं पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा। वह संगठन को मजबूत करने के साथ विधानसभा के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की रणनीति पर काम कर रही हैं। उनके लिए संगमनगरी विशेष मायने रखता है। वजह यह है कि यह शहर उनका ननिहाल है। यहां के लोगों से भी उनका विशेष अनुराग है। पांचवे चरण में होने वाले यहां के मतदान के मद्देनजर वह अगले सप्ताह संगम की माटी को माथे पर लगाएंगी। यहां वह सीधा संवाद करेंगी। इसके जरिए संगठन और प्रत्याशियों के साथ आम जनमानस में अपनी पैठ बनाने की कोशिश करेंगी।

प्रयागराज के बाकी छह सीटों की नइया के खेवइया बनेंगे स्टार प्रचारक
प्रियंका के एजेंडे का मुख्य बिंदु है महिलाओं से जुड़ाव। सियासी पंडितों का मानना है जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी बिगुल बजने के पहले परेड मैदान में मातृशक्ति के लिए बड़ा आयोजन किया। साथ ही उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास भी किया। उसी रणनीति पर कांग्रेस महासिचव प्रियंका भी काम कर रही हैं। वह चुनाव के दौरान फाफामऊ, शहर दक्षिणी, बारा, हंडिया, मेजा और करछना विधानसभा क्षेत्र में लोगों से संवाद करेंगी। विशेषकर महिलाओं से संवाद भी कर सकती हैं। खास बात यह है कि इन सभी सीटों पर महिला उम्मीदवार हैं। यदि महिला मतदाताओं को जोड़ने में वह सफल हुईं तो मतदान का प्रतिशत भी जरूर बढ़ेगा। इसके अलावा बाकी की सीटों की नइया के खेवइया स्टार प्रचार बनेंगे। कांग्रेस की तरफ से स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की जा चुकी है।
दुष्कर्म पीड़िता के घर भी पहुंचेंगी
कांग्रेस के गंगापार जिलाध्यक्ष सुरेश यादव और जिला प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि पार्टी महासचिव अगले हफ्ते आएंगी। उनके आने का रोडमैप भी तैयार कर लिया गया है।प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक प्रियंका शहर उत्तरी में लोगों से संवाद करेंगी। इसके अलावा वह प्रतापपुर की दुष्कर्म पीड़िता छात्रा के घर जाएंगी। वहां स्वजनों से मुलाकात करेंगी।छात्रा से दुष्कर्म के बाद सलोरी के जंगल में हत्या कर दी गई थी। साथ ही वह गोहरी भी जाएंगी। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद भी प्रियंका वहां गई थी। पहले चरण में वह शहर उत्तरी, फाफामऊ, सोरांव, प्रतापपुर, कोरांव और बारा विधानसभा क्षेत्र जाएंगी।
प्रतियोगियों के जख्म पर लगाएंगी मरहम
पिछले दिनों रेलवे भर्ती में कथित अनियमितता के आरोप के बाद हुुए हंगामा हुआ था। छोटा बघाड़ा में पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित प्रतियोगियों के जख्म पर भी प्रियंका मरहम लगाएंगी। प्रियंका ने वर्चुअल बातचीत के दौरान प्रतियोगियों को आश्वस्त किया था कि वह जब प्रयागराज आएंगी, छात्रों से मुलाकात भी करेंगी। पार्टी की तरफ से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications