देवरिया में प्रियंका गांधी के रोड शो में उमड़ी भारी भीड़, 80 साल की महिला बोली- ये तो इंदिरा गांधी है
देवरिया, मार्च 01। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को देवरिया जिले के रुद्रपुर में एक रोड शो किया। प्रियंका गांधी का ये रोड शो पार्टी उम्मीदवार अखिलेश प्रताप सिंह के समर्थन में था। प्रियंका के रोड शो में भारी जन सैलाब उमड़ा। इसे देख खुद प्रियंका गांधी हैरान रह गईं। दो किलोमीटर के रोड-शो को पूरा करने में डेढ़ घंटे से अधिक का समय लग गया। समय ज्यादा होता देख बीच में ही रोड-शो छोड़ प्रियंका गोरखपुर के लिए निकल पड़ी।

दोपहर से ही सतासी इंटर कालेज के प्रांगण में लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। प्रियंका गांधी को दोपहर साढ़े तीन बजे प्रियंका को आना था, लेकिन विलंब होता गया और वह साढ़े पांच बजे उनका हेलीकाप्टर सतासी इंटर कालेज के मैदान में उतारा। इसके बाद हेलीकाप्टर चला गया और वह रोड-शो पर निकल पड़ी। भीड़ इतनी अधिक थी कि सतासी इंटर कालेज के मैदान से उपनगर के बाजार में पहुंचने में आधे घंटे से अधिक का समय लग गया। हर घर की छतों पर महिलाओं के साथ ही पुरुषों की भीड़ जुटी हुई थी। हर कोई फूलों की वर्षा करते हुए नजर आया।
महिलाओं की भीड़ को देख प्रियंका उनका अभिवादन करती और गाड़ी को धीमी करा देती। रास्ते में कोई ऐसा घर या दुकान नहीं थे, जिनके छतों पर महिलाओं की भीड़ व फूलों की वर्षा नहीं हो रही थी। प्रियंका का रोड-शो खजुहा चौराहा, सरदार बल्लभ भाई पटेल चौराहा, कोतवाली रोड होते हुए रामजी सहाय पीजी कालेज पहुंचा। रात होने के चलते वह उपनगर के कुछ हिस्सों में रोड-शो नहीं कर सकी और रामजी सहाय पीजी कालेज के समीप ही लोगों का अभिवादन करते हुए लौट गई। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सचिव कौशल त्रिपाठी, रामजी गिरी, सहला अहरारी, भरत मणि, मुकुंद भाष्कर मणि त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। बच्ची को गोद में उठाया और दिया दुलार।
भीड़ इस कदर थी कि हर कोई प्रियंका से बातचीत करना चाह रहा था, जब वह कोतवाली चौराहे पर पहुंची तो आशीष जायसवाल की चार साल की बेटी अक्षरा प्रियंका गांधी बोल पड़ी। यह देख प्रियंका ने अपने पास बुलाया और गोद में लेकर दुलार दिया। साथ ही पप्पी ली। इसके बाद आटोग्राफ दिया। प्रियंका के दुलार मिलते ही अक्षरा के चेहरे पर अजीब सी मुस्कान आ गई। सुरक्षा का रहा पुख्ता इंतजाम।
प्रियंका के रोड-शो में आई 80 वर्ष की मालती देवी प्रियंका को देखने के साथ ही बोल पड़ी, इ त अपने दादी इंदिरा गांधी की तरह बाड़ी। उन्ही की तरह चेहरो बा। इ बहुत आगे जइहें।












Click it and Unblock the Notifications