रात 12 बजे यीशु के स्वागत में हुई प्रार्थना, उत्तराखंड के राज्यपाल व सीएम ने दी शुभकामनाएं
प्रभु यीशु का जन्मोत्सव (क्रिसमस) उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार रात 11:30 बजे अधिकांश चर्च में विशेष प्रार्थना के बाद प्रभु यीशु का जन्मदिवस मनाया गया।

देहरादून, 25 दिसंबरः प्रभु यीशु का जन्मोत्सव (क्रिसमस) उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार रात 11:30 बजे अधिकांश चर्च में विशेष प्रार्थना के बाद प्रभु यीशु का जन्मदिवस मनाया गया।
वहीं रविवार की सुबह अलग अलग समय पर प्रार्थनाएं हुईं। जिसमें मसीही परिवार के लो गों ने प्रभु यीशु का गुणगान किया। रविवार को चर्च दिनभर आमजन के लिए खुले रहेंगे। यहां कैंडल लाइट सर्विस होगी व पादरी बाइबिल का पाठ करेंगे। क्रिसमस को लेकर देर शाम तक शहर के चर्च जगमगाते रहे। रंग विरंगी लाइटों व झालर से सजे चर्चों को आकर्षक मनाया गया है।
रंग विरंगी लाइटों व झालर से सजे चर्च
हर वर्ष 25 दिसंबर शुरू होने के साथ ही 12 बजे चर्च में लगे पुराने घंटे प्रभु की दस्तक के साथ मधुर ध्वनि करने लगते हैं। दून शहर में राजपुर रोड स्थित 172 वर्ष से अधिक पुराना सेंट थामस चर्च, सेंट मेरी चर्च क्लेमेनटाउन, मोरिसन मैमोरियल चर्च राजपुर रोड, सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च नेशविला रोड, सेंट जोंस चर्च समेत 12 चर्च हैं।
कोरोनाकाल के चलते बीते वर्ष सादगी के साथ चर्चों में कार्यक्रम हुए। लेकिन इस बार उल्लास दिख रहा है। दिलाराम बाजार स्थित सेंट थामस चर्च के पादरी अश्विन प्लोमर ने बताया कि इन दिनों कैरल सिंगिंग कार्यक्रम चल रहे हैं।
कान्वेंट रोड स्थित सेंट फ्रांसिस कैथोलिक चर्च के धर्म प्रचारक मास्टर जोसेफ ने बताया कि क्रिसमस पर सुबह प्रभु मिस्सा का बलिदान और प्रभु यीशु का जन्मदिवस उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। नेश्विला रोड स्थित सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च के पास्टरेट कमेटी के सदस्य राहुल दयाल ने बताया कि इस बार डोर टू डोर कैरल सिंगिंग चल रही है। जो 22 तक चलेगा।
हर वर्ग में दिख रहा खासा उत्साह
क्रिसमस के लिए बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों में खासा उत्साह दिख रहा है। घरों में साज सज्जा के साथ अधिकांश चर्च में लाइटिंग, रंग और साफ-सफाई की गई है। क्रिसमस से पूर्व इस सप्ताह डोर टू डोर कैरल सिंगिंग जारी है।
बाजार भी पूरी तरह से गुलजार
मसीही समाज के प्रमुख त्योहार क्रिसमस को लेकर बाजार भी सजे हैं। हर वर्ग के लिए सांता क्लाज के परिधान से लेकर ट्री लाइट, विभिन्न फ्लेवर वाली कैंडल और डेकोरेशन आइटम से दुकानें सजी हैं।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी क्रिसमस की शुभकामनाएं
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों विशेषकर ईसाई समुदाय को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि यह त्योहार हमें प्रेम, दया, सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। राजभवन में शनिवार को राज्यपाल से सेंट जोजेफ्स एकेडमी के प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन ने मुलाकात कर उन्हें क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व सेवा, त्याग, प्रेम और करुणा जैसे आदर्शों का अनुसरण करने का संदेश देता है। क्रिसमस भाईचारे की भावना और खुशियों को बांटने का उत्सव है।












Click it and Unblock the Notifications