पंजाब में खरीदा जा चुका किसानों से 100 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान, सरकार ने किया इतना भुगतान
punjab latest news in hindi: राज्य की मंडियों में धान की आवक चरम पर पहुंच गई है। खरीद सीजन शुरू होने के केवल 4 हफ्तों के अंदर मंडियों में अब तक 105 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की आमद हुई है, जिसमें से तकरीबन 104 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है।

यह जानकारीर देते हुए आज खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बताया कि खरीद के पहले दिन से जिस मंडी में भी किसान अपनी फसल लेकर आया है, वहां फसल की समय पर खरीद, भुगतान और लिफ्टिंग हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य भर में बारदाने, मंडी लेबर और यातायात के सभी उचित प्रबंध किए गए हैं। पिछले 4 सप्ताह के दौरान लगभग हर जिले की मंडियों का दौरा किया है और सभी हितधारकों ने उनके दौरे के दौरान खरीद प्रबंधों पर तसल्ली अभिव्यक्त की है।

उन्होंने बताया कि अब तक राज्य की मंडियों में हर दिन लगभग 7.5 लाख मीट्रिक टन धान की आमद हो रही है और उसी दिन ही लगभग सारे धान की खरीद भी कर ली जाती है। अब तक राज्य भर में केवल एक लाख मीट्रिक टन से भी कम धान की खरीद बाकी है, जिससे साफ पता लगता है कि ज्यादातर मंडियों में धान की आमद के दिन ही खरीद की जा रही है। फसल की अदायगी के विवरण देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के खातों में तकरीबन 15,400 करोड़ रुपए पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अन्य 2000 करोड़ रुपए की अदायगी के लिए मंजूरी दी गई है।
सोमवार को बैंकों के खुलने के उपरांत यह राशि भी जारी कर दी जाएगी। उन्होंने किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने सम्बन्धी राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि वह खरीद गतिविधियों पर निजी तौर पर नजर रख रहे हैं और खरीद एजेंसियों के सभी मैनेजिंग डायरैक्टर खरीद शुरू होने से लेकर ही मंडियों का दौरा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications