ओडिशा में ओमिक्रॉन के कुल मामले पहुंचे 37, राज्य सरकार ने एक्सपर्ट पैनल को गाइडलाइन तैयार करने को कहा
भुवनेश्वर, जनवरी 04। ओडिशा में ओमिक्रॉन के मामले तेजी से बढ़ने के बाद राज्य सरकार काफी चिंतित है। सोमवार को राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक्सपर्ट पैनल को कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के लाइन ऑफ ट्रीटमेंट तय करने के लिए कहा। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नबा किशोर दास की अध्यक्षता में सोमवार को एक मीटिंग हुई, जिसमें राज्य टॉप स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हुए। इस मीटिंग में उन्होंने कहा कि केंद्र की तरफ से कोई दिशानिर्देश हमें प्राप्त नहीं हुए हैं, इसलिए हमें जल्द से जल्द एक गाइडलाइन तैयार करनी होगी।

नबा किशोर दास ने इस मीटिंग के बाद मीडिया से कहा कि चूंकि हमें केंद्र से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिला है, इसलिए मैंने विशेषज्ञ समिति से नए वेरिएंट के लिए लाइन ऑफ ट्रीटमेंट तैयार करने को कहा है। आपको बता दें कि रविवार को ओडिशा में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 23 नए मरीज मिले थे, जिसके बाद राज्य ओमिक्रॉन संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई थी।
नबा किशोर दास ने कहा कि ओडिशा सरकार कोरोना के नए वेरिएंट से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, "ऐसे मामलों का पता लगाने के लिए जीनोम सीक्वेसिंग के माध्यम से निगरानी पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज के अलावा, नमूनों की जीनोम अनुक्रमण के लिए और प्रयोगशालाएं बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, "।
पिछले दो दिनों में राज्य में कोविड के मामलों में तेजी से वृद्धि के साथ, स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि तीसरी लहर के फैलने की स्थिति में किसी भी कीमत पर ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। ओडिशा में पिछले 48 घंटों में कोविड-19 के 800 से अधिक मामलों का पता चला है। राज्य ने पिछले 24 घंटों में 424 पुष्ट संक्रमण दर्ज किए। खुर्दा जिले में सबसे ज्यादा 151 मामले सामने आए, इसके बाद कटक में 66 मामले सामने आए।












Click it and Unblock the Notifications