ओडिशा सरकार की 'मो घर' योजना, आवास के लिए मिलेंगे 3 लाख रुपये, आवेदन शुरू
ओडिशा सरकार ने 'मो घर' योजना की शुरुआत कर दी है। इसके तहत पीएम आवास योजना से वंचित पात्रों को घर बनाने के लिए 3 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।
Odisha News: ओडिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY G) के तहत मकानों के आवंटन शुरू हो चुका है। शुक्रवार को कड़े दिशा-निर्देशों के साथ शुक्रवार को लाभार्थियों को वर्क ऑर्डर का आवंटन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही ओडिशा सरकार की मो घर योजना के तहत आवेदन भी शुरू हो चुका है।
ओडिशा में पंचायतीराज एवं पेयजल विभाग के निर्देश पर पीएम आवास के लाभार्थियों को आवास का वितरण ऑनलाइन शुरू हो चुका है। हालांकि कॉमन सर्विस सेंटरों पर इंटरनेट की समस्या के कारण कई स्थानों पर जॉब ऑर्डर का ऑनलाइन वितरण बाधित हुआ था, लेकिन अब ब्लॉक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इसे एक या दो दिनों में ठीक कर लिया जाएगा।

ओडिशा सरकार के इस निर्णय से कई लाख परिवारों को लाभ मिलने जा रहा है। दरअसल, पीएम आवास योजना के तहत राज्य के 9.5 लाख से अधिक घरों के निर्माण की स्वीकृति मिली थी,जिसे पूरा कर लिया गया था। लेकिन इंतजार उनके आवंटन का था, जिसे अब ओडिशा सरकार ने शुरू कर दिया है।
राज्य के अधिकतर जिलों में लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। हालांकि कुछ जिले अभी भी बाकी हैं, जहां लाभार्थियों की पात्रता की जांच की रही है। इसके साथ इसको लेकर शिकायतों का भी निस्तारण किया जा रहा है।
पीएमएवाई वितरण के अलावा, 'मो घर' योजना के लिए ऋण सहायता प्राप्त करने की आवेदन प्रक्रिया भी शुक्रवार को शुरू हुई। जिन लाभार्थियों ने किसी भी आवास योजना के तहत सहायता प्राप्त नहीं की है, उन्हें 3 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा।
राज्य सरकार ने अगले दो वर्षों के लिए योजना के तहत चार लाख लाभार्थियों के लिए 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया है। इस बीच, पंचायतीराज विभाग ने पीएमएवाई-जी के तहत किस्त पैटर्न में संशोधन किया है। लाभार्थियों को कार्यादेश सहित 40,000 रुपये की पहली किस्त, छत के स्तर पर घर पहुंचने के बाद 65,000 रुपये की दूसरी किस्त और एकीकृत कार्य योजना (आईएपी) क्षेत्र में 25,000 रुपये की तीसरी किस्त और गैर-आईएपी क्षेत्र में 15,000 रुपये की तीसरी किस्त पूरी होने के बाद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications