नीतीश कुमार के आह्वान पर 26 नवंबर को शराबबंदी को लेकर शपथ लेंगे बिहार के लोग
पटना। आगामी 26 नवंबर को बिहार में प्रखंड से लेकर जिला प्रमंडल और राज्य मुख्यालय तक के सरकारी कर्मी और अफसर शराब नहीं पीने की शपथ लेंगे. इस शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कर डीएम के माध्यम से इसे पटना में मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग को भेजा जाएगा। मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक द्वारा इसे लेकर सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्त और जिला पदाधिकारी को एक पत्र लिखा गया है। इस पत्र में 26 नवंबर को नशा मुक्ति दिवस पर सभी कर्मियों और अफसरों के मद्य निषेध से जुड़ी शपथ लेने की चर्चा की गई है।

केके पाठक द्वारा अपने पत्र में शपथ कार्यक्रम और इसकी रिपोर्ट तैयार करने को लेकर 8 बिंदुओं पर फोकस किया गया है। इसके पहले बिहार के मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण की ओर से 26 नवंबर को सरकारी कर्मियों और अफसरों को शपथ लेने का निर्देश जारी किया गया है। मुख्यालय स्तर पर प्रमंडल स्तर पर और जिला स्तर पर पदाधिकारियों और कर्मियों के शपथ ग्रहण समारोह की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। शपथ पत्र में हस्ताक्षर करते हुए कार्यालय प्रधान सचिव को समर्पित किया जाना है।
अनुमंडल स्तरीय और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और शपथ पत्र जिला स्तर पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेजेंगे। जिला स्तर के सभी विभाग के कार्यालय प्रधान और क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन जमा कर जिला पदाधिकारी को समर्पित करेंगे। अधिकारियों और कर्मियों के हस्ताक्षर और वीडियोग्राफी का रिकॉर्ड कार्यालय में संरक्षित रखा जाएगा। सभी जिला पदाधिकारी सभी विभागों के कर्मियों और अधिकारियों का उत्पाद और निबंधन विभाग को 1 सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा देंगे।
सचिवालय और निदेशालय स्तर के कार्यालयों का समेकित प्रतिवेदन भी मद्य निषेध उत्पाद और निबंधन विभाग को 1 सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। अगर कोई पदाधिकारी और कर्मी शपथ ग्रहण के दिन 26 नवंबर को किसी कारणवश उस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे तो उनसे 1 सप्ताह के अंदर शपथ पत्र प्राप्त कर अलग से प्रतिवेदन भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications