पदमपुर को लेकर नवीन पटनायक ने केंद्रीय मंत्रियों को याद दिलाए उनके वादे
चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय मंत्रियों ने पदमपुर से रेलवे कनेक्टिविटी और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बीमा जैसे कई मुद्दों को उठाया।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को केंद्रीय मंत्रियों पर कटाक्ष किया और उन्हें याद दिलाया कि उन्हें पश्चिमी ओडिशा निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव के लिए प्रचार करते समय पदमपुर के लोगों से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए।
रविवार को पदमपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नवीन पटनायक ने कहा, 'पदमपुर उपचुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्रियों ने वहां का दौरा किया था और रेलवे परियोजनाओं, केंदू पत्ते सब्सिडी, फसल बीमा और अन्य मुद्दों के बारे में कई वादे किए थे। मैं भगवान नृसिंहनाथ (क्षेत्र के अधिष्ठाता देवता) से प्रार्थना करता हूं कि केंद्रीय मंत्री अपने वादों को याद रखें।
आपको बता दें कि पदमपुर, पश्चिमी ओडिशा में बरगढ़ जिले का एक हिस्सा है, जहां दिसंबर 2022 में बीजद विधायक बिजय रंजन सिंह बरिहा की मृत्यु के बाद उपचुनाव हुआ था। भाजपा ने पदमपुर जीतने के लिए हर तरह से कोशिश की थी, और वहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित पार्टी के दिग्गजों ने भाजपा उम्मीदवार के लिए प्रचार किया था।
चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय मंत्रियों ने पदमपुर से रेलवे कनेक्टिविटी और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बीमा जैसे कई मुद्दों को उठाया। मंत्रियों ने कहा था कि बीजद सरकार सहयोग नहीं कर रही, यही वजह है कि यह क्षेत्र उपेक्षित बना हुआ है। हालांकि, बीजद ने नवीन पटनायक के नेतृत्व में इस चुनौती का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया और आखिरकार 40,000 से अधिक मतों के अंतर से इस सीट पर जीत हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications