यूपी चुनाव में एमपी महिला कांग्रेस की एंट्री, इन जिलों में जमकर करेगी प्रचार
उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान अब बिल्कुल नजदीक है। ऐसे में राजनीतिक दलों ने अगले चरण की तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस भी इस बार उत्तर प्रदेश में पूरा जोर लगाती नजर आ रही है। पार्टी ने महिलाओं पर खास फोकस किया है, पार्टी ने 40 प्रतिशत टिकट भी महिलाओं को दिए हैं, ऐसे में यूपी प्रचार के लिए अब दूसरे राज्यों की महिला कांग्रेस कमेटी भी सक्रिए हो रही है।

यूपी में प्रचार करेगी एमपी कांग्रेस की महिला ब्रिगेड
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की महिला कांग्रेस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की टीम चुनावी प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है। ये सभी महिला कांग्रेस पदाधिकारी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना जायसवाल के नेतृत्व में प्रचार करेंगी।
अर्चना जायसवाल ने बताया कि एमपी महिला कांग्रेस की टीम यूपी में पार्टी को मजबूत करेगी। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता कांग्रेस की रीती-नीति के बारे में जनता को बताएगी। इसके अलावा पार्टी ने यूपी में जो घोषणा पत्र जारी किया है, उसकी जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जाएगी। महिला कांग्रेस की टीम यूपी में घर-घर प्रचार करेगी। अर्चना जायसवाल ने बताया कि पार्टी इस बार उत्तर प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
प्रियंका गांधी के हाथ को मजबूत करना है
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पूरी मेहनत कर रही है। ऐसे में एमपी की महिला कांग्रेस ब्रिगेड भी प्रियंका गांधी के हाथ को और मजबूत करेगी। बता दें कि प्रियंका गांधी ''लड़की हूं लड़ सकती हूं'' के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरी हैं, उन्होंने पार्टी के 40 प्रतिशत टिकट भी महिलाओं को ही दिए हैं।
इन शहरों में प्रचार करेगी महिला ब्रिगेड आगरा, इटावा, कानपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, उन्नाव में कांग्रेस प्रत्यशियों के पक्ष में प्रचार करेगी। इनमें से ज्यादा शहरों का सीधा जुड़ाव मध्य प्रदेश से हैं। मध्य प्रदेश के नेताओं का इन क्षेत्रों में होल्ड भी रहता है। वहीं एमपी महिला कांग्रेस की अध्यक्ष डॉ अर्चना जायसवाल प्रयागराज, झांसी और आगरा में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में करेंगी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी कर दी है, जिसमें मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को भी शामिल किया गया है, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को स्टार प्रचारक बनाया गया है, इसके अलावा यूपी चुनाव के सह प्रभारी सत्यनारायण पटेल को भी शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications