100 एकड़ भूमि पर पदमा योजना के तहत विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र: सीएम खट्टर
हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हिसार जिले के गांव खानपुर की 100 एकड़ भूमि पर पदमा योजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की घोषणा की। इसके लिए गांव खानपुर की पंचायत को 100 एकड़ भूमि देने का प्रस्ताव देना होगा।
सीएम ने गांव गुराना के लोगों की मांग पर गांव की तहसील को हांसी से बदल कर बरवाला करने व मार्केट कमेटी क्षेत्र भी बरवाला करने की घोषणा की। इस दौरान सीएम ने नारनौंद क्षेत्र में बारिश न होने की वजह से खराब हुईं फसलों की गिरदावरी कर मूल्यांकन करने के आदेश दिए हैं।

उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी खराब हुई फसल की भरपाई होगी। जिन किसानों ने फसल बीमा करवाया है, उन्हें इसके क्लेम में शामिल करवाया जाएगा और जिन किसानों की फसल का बीमा नहीं है उन्हें खराब फसल का मुआवजा सरकार देगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को नारनौंद विधानसभा के गांव गुराना में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लोगों से सीधा संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में हमने सरकार बनाते ही एक नया सिस्टम विकसित किया। जिसके तहत कई फैसले लिए गए हैं।
सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को बंद किया गया। अब योग्य युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं। गुराना गांव में भी 55 युवकों को सरकारी नौकरी योग्यता पर मिली है। इनमें से 10 केंद्र और 45 राज्य सरकार में भर्ती हुए हैं।
सीएम ने गांव गुराना में दो दिव्यांगों को बैटरी चालित वाहन दिए। मुख्यमंत्री ने वीरवार शाम को ही बरवाला के गांव बहबलपुर में दिव्यांगजनों को साधारण ट्राई साइकिल के स्थान पर बैटरी चलित वाहन देने की घोषणा की थी।
जनसंवाद कार्यक्रम में गांव के 10 बुजुर्गों की पेंशन बनाकर उन्हें कार्ड भी वितरित किए। इस अवसर पर सांसद बृजेंद्र सिंह, नारनौंद विधायक रामकुमार गौतम, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, जिला परिषद चेयरमैन मोनू सिहाग, भाजपा जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र सिंह, मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications