'अमित शाह के सामने कई मु्द्दों को गंभीरता से उठाया', उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में CM मनोहर लाल हुए शामिल
केंद्रीय गृहमंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पंजाब के अमृतसर में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक हुई। इस बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रतिनिधि शामिल हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी इस बैठक में शामिल हुए।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर कहा कि आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में अमृतसर में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल हुआ। इस दौरान गृहमंत्री के समक्ष SYL के निर्माण से लेकर पंजाब विश्वविद्यालय में हरियाणा के हिस्से के मुद्दों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से उठाया।

उन्होंने कहा कि उत्तरी क्षेत्रीय परिषद एक प्रभावी मंच है, जो केंद्र-राज्य संबंधों को सशक्त करते हुए राज्यों एवं समग्र राष्ट्र की खुशहाली एवं मिलकर काम करने के संकल्प को दर्शाता है। अमित शाह के साथ हरियाणा के विभिन्न विषयों पर सकारात्मक वार्ता हुई।
हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ चंडीगढ़ के प्रशासक और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दिल्ली के उपराज्यपाल भी बैठक में शामिल रहे। वहीं, सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) के मुद्दे पर भगंवत मान ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मसला है। हमारे पास किसी भी राज्य को देने के लिए अतिरिक्त पानी नहीं है। इस मामले से राज्य की कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। इसका प्रभाव हरियाणा और राजस्थान पर भी पड़ेगा। नहर बनाने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
सीएम भगवंत मान ने किया हिमाचल की मांग का विरोध
परिषद की बैठक में शानन पावर प्रोजेक्ट का मुद्दा भी उठा। पंजाब सीएम भगवंत मान ने हिमाचल की मांग का विरोध किया। उन्होंने कहा कि शानन पावर प्रोजेक्ट के स्वरूप में कोई बदलाव न हो। उन्होंने यह भी कहा कि पावर प्रोजेक्ट हिमाचल को देने का फैसला गलत है।
यह भी पढ़ें- 'राज्यपाल के माध्यम से पंजाब में शासन करना चाहती BJP', वित्त मंत्री चीमा ने बनवारी लाल पुरोहित पर साधा निशाना












Click it and Unblock the Notifications