मध्य प्रदेश: पीएम ग्वालियर के 10 बच्चों को भेजेंगे स्कॉलरशिप, सिंधिया देंगे पासबुक
भोपाल, 30 मई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से पीएम केयर्स फार चिल्ड्रन योजना के तहत दी जाने वाली सुविधाओं को जारी करेंगे। प्रधानमंत्री स्कूल जाने वाले बच्चों को छात्रवृत्ति हस्तांतरित करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पीएम केयर्स फार चिल्ड्रन की पासबुक और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड सौंपा जाएगा। प्रधानमंत्री सुबह 10.30 बजे इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

कार्यक्रम ग्वालियर कलेक्ट्रेट में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम शुरू होगा। जो सुबह 9 बजे शुरू होगा। ग्वालियर के दस बच्चों को भी यह छात्रवृत्ति मिलेगी और केंद्रीय मंत्री कार्ड व पासबुक सौंपेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सिंधिया सोमवार केा ग्वालियर आ रहे हैं। वे इस कार्यक्रम के अलावा शहर मे आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।
कोविड-19 महामारी की वजह से 11 मार्च 2020 से 28 फरवरी 2022 की अवधि के दौरान अपने माता-पिता दोनों या कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता या जीवित माता-पिता को खोने वाले बच्चों की सहायता करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री द्वारा गत 29 मई 2021 को पीएम केयर्स फार चिल्ड्रन योजना शुरू की गई थी।
इस योजना का उद्देश्य बच्चों के रहने एवं खाने की व्यवस्था करना, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना, उनके आत्मनिर्भर अस्तित्व के लिए 23 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर उन्हें 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता से लैस करके और स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से उनका कल्याण सुनिश्चित करते हुए उनकी व्यापक देखभाल और सुरक्षा करना है। जिला कार्यक्रम अधिकारी राहुल पाठक ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। बच्चों को 18 वर्ष पूर्ण होने पर 10 लाख की राशि मिलेगी जो 23 साल की उम्र पूरी होने पर स्टायपेंड बतौर प्राप्त होगी।












Click it and Unblock the Notifications