नेत्रदान का संकल्प लेने वाले पंजाब के पहले कैबिनेट मंत्री बने लालजीत सिंह भुल्लर
नेत्रदान का संकल्प लेने वाले पंजाब के पहले कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर बन गए। उन्होंने नेत्र दान का फॉर्म भरा।

पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर नेत्रदान का संकल्प लेने वाले पंजाब के पहले कैबिनेट मंत्री बन गए हैं। उन्होंने आज रोटरी आई बैंक और कॉर्निया ट्रांसप्लांटेशन सोसायटी होशियारपुर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान नेत्रदान का फॉर्म भरा। कैबिनेट मंत्री ने अपने कार्यालय में मीटिंग के दौरान पंजाब के लोगों से इस नेक काम में ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में हिस्सा लेने की अपील की।
रोटरी आई बैंक और कॉर्निया ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी के अध्यक्ष जे.बी. बहल के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उनकी संस्था लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान करने के लिए प्रेरित करती है और वे अब तक 3800 से अधिक लोगों को आंखों की रौशनी दिलवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से 400 के लगभग लोग 6 महीने से 16 साल तक की उम्र वाले हैं।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के द्वारा हाल ही में यूरोपीय देशों की तर्ज़ पर अधिसूचना जारी कर भारत में भी लाइसेंस बनवाते समय फॉर्म में आवेदक के द्वारा हादसे में मौत होने की स्थिति में अपने अंग/आंखों को दान करने के लिए सहमत/असहमत होने के संबंध में बॉक्स भरना शुरू हो गया है। इस पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सभी क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट ऑथोरिटी सचिवों को पत्र जारी कर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने या नवीनीकरण के दौरान सड़क दुर्घटना में मौत होने पर हर व्यक्ति को आंखें दान करने के लिए प्रेरित करें ताकि पंजाब भारत का सबसे अधिक नेत्रदान करने वाला राज्य बन सके।












Click it and Unblock the Notifications