Jharkhand: उग्रवादियों के दुस्साहस का देंगे मुंहतोड़ जवाब, जवानों की शहादत पर बोले सीएम हेमंत
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों व उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। झारखंड जगुआर के शहीद सबइंस्पेक्टर अमित तिवारी और हवलदार गौतम कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीदों के शोक संतप्त परिजनों व आश्रितों से मिलकर ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीदों के आश्रितों व परिजनों के साथ सरकार सदैव साथ रहेगी। जवानों का मनोबल किसी भी हाल में गिरने नहीं देंगे। उग्रवादियों के दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार और पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उनकी शहादत को नमन किया। झारखंड जगुआर के शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी का पैतृक आवास पलामू जिले के रेहला प्रखंड के तोलरा गांव में है। उनकी एक बेटी और बेटा है। जबकि, शहीद गौतम कुमार के परिजन बिहार के भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के रंधाडीह गांव में रहते हैं। दिवंगत गौतम कुमार अविवाहित थे और उनके घर में मां, एक बहन तथा तीन भाई हैं।
राज्य में उग्रवाद गिन रहा है अंतिम सांस
सीएम ने कहा कि राज्य में उग्रवाद अब अंतिम सांसें गिन रहा है। उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस को लगातार सफलताएं मिल रही हैं। ऐसे में हताशा में पुलिस को निशाना बनाने की कोशिश हो रही है। दो वीर जवानों की शहादत कहीं न कहीं उग्रवादियों की हताशा में किए गए हमले का ही परिणाम है। दो जवानों का शहीद होना हमारे लिए बहुत ही दुखद है। लेकिन, उग्रवादियों के खिलाफ अभियान और शक्ति के साथ लगातार जारी रहेगा। झारखंड जगुआर से संबंधित कुछ समस्याएं संज्ञान में आई हैं और इसका जल्द निराकरण होगा।
1 दर्जन माओवादियों पर दर्ज हुआ एफआईआर
इस घटना में भाकपा माओवादियों के 23 नामजद आरोपियों के अलावा करीब एक दर्जन अज्ञात माओवादियों पर एफआईआर किया गया है। इसमें एक करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो मेंबर मिसिर बेसरा, केंद्रीय कमेटी सदस्य पतिराम मांझी के साथ-साथ कांडे होनहागा, अश्विनी, सुकायम, सुशांत, सालुका कायम, सागेन अंगरिया, अमित मुंडा, पिंटू लोहार, अपटन, मोछू, सोहन, लालू, संदीप, रापा, सिंगराय, देवान, राजेश, अमन, पगला, पांडू, सुशील को आरोपी बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications