Jharjhand में एयर एम्बुलेंस सर्विस की शुरुआत, CM सोरेन ने कहा- जिनके पास पैसे नहीं, उन्हें भी मिलेगी सुविधा
झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विभिन्न स्तर पर स्वास्थ्य सेवा को मजबूत बनाया जा रहा है। राज्य में एम्बुलेंस और चिकित्सा सेवा तंत्र और सशक्त हो, यह हमारी कोशिश है।

Jharjhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रांची एयरपोर्ट से एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने में यह काफी मददगार सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि जो पैसे दे सकते हैं, उनके लिए तो यह सुविधा काफी सहायक सिद्ध होगी ही, साथ ही जो पैसा नहीं दे सकते हैं, उन्हें भी सरकारी एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल सके, इसे लेकर सरकार आवश्यक पहल करेगी।
हेमंत सोरेन ने बिरसा मुंडा हवाईअड्डा स्थित स्टेट हैंगर में एयर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत के मौके पर सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। सीएम सोरेन ने कहा कि राज्य के सभी लोगों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।
कहा कि सरकारी कर्मी हो या आम नागरिक, कैसे सभी को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिले, इस दिशा में प्रयास किया जा रहा है। आम नागरिक हो या कोई राजनेता, सभी को एक समान सुविधा मिले, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही हैं।
हेमंत सोरेन ने बताया कि जब भी वे रांची एयरपोर्ट से कहीं के लिए उड़ान भरने के लिए पहुंचते थे, तो लोगों को एयर एंबुलेंस के लिए परेशानियों का सामना करते देखते थे। उन्हें जानकारी मिली कि राज्य से लगातार लोग बड़े पैमाने पर एयर एंबुलेंस से दूसरे राज्य जा रहे हैं।
उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए राज्य सरकार ने सरकारी दर एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने का कदम उठाया। सीएम ने कहा कि एयर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत सिर्फ मरीजों को दूसरे राज्यों में पहुंचाने के लिए ही नहीं हो रही है, बल्कि इसके पीछे कई कड़ियों को जोड़ने की हैं।
बताया कि राज्य में इलाकों में सड़क दुर्घटना में लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। सड़क मार्ग से इलाज के लिए अस्पताल लाने में विलंब हो जाने के कारण उनकी मौत हो जाती हैं। ऐसे लोगों को भी एयर एंबुलेंस से तुरंत आसपास पास के अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
ऐसे लोगों को रेस्क्यू करने के लिए जगह-जगह हैलीपैड की व्यवस्था की जाएगी। सीएम ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी की तबीयत भी काफी बिगड़ गई है। जिसके कारण उन्हें इलाज के लिए दुर्गापुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी तरह से उनके विधानसभा क्षेत्र के कई लोगों को भी तत्काल बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत होती है। ऐसे में एयर एंबुलेंस सेवा लोगों के लिए काफी मददगार साबित होगी। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड में एयर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
इस मौके पर कृषि मंत्री बन्ना गुप्ता, विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, कैबिनेट सचिव वंदना दादेल समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। रांची के साथ ही छह अन्य शहरों के लिए शुक्रवार से एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध होगी।
रांची के अलावा देवघर, दुमका, बाकारो, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह एयरपोर्ट पर भी एयर एम्बुलेंस की सेवा उपलब्ध होगी। नागर विमानन विभाग की ओर से इसे लेकर पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर की सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। जिस पर लोगों ने आवश्यक जानकारियां भी लेनी शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications