झारखंड सीएम हेमंत सोरेन नीति आयोग की बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे, कांग्रेस नेताओं से कर सकते हैं मुलाकात
नई दिल्ली, 6 अगस्त। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली पहुंच गए हैं। हेमंत सोरेन को 7 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली नीति आयोग की सातवीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल होना है।

राष्ट्रपति भवन के कल्चरल सेंटर में होनेवाली इस बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बैठक सुबह 9.45 बजे शुरू होगी जो शाम के साढ़े चार बजे तक चलेगी। जानकारी के अनुसार इस बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर विशेष रूप से चर्चा की जायेगी।
गवर्निंग काउंसिल नीति आयोग की शीर्ष निकाय है, जिसके अध्यक्ष प्रधानमंत्री होते हैं। वहीं राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री इसके सदस्य होते हैं। आम तौर पर साल में एक बार गवर्निंग काउंसिल की बैठक होती है। पिछले साल 20 फरवरी को बैठक हुई थी।
मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें
हालांकि सीएम सोरेन के दिल्ली दौरे को लेकर कई तरह की अटकलें भी तेज हैं। उनके दिल्ली दौरे को मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल से जोड़ा जा रहा है. कांग्रेस कोटे के मंत्रियों में फेरबदल की चर्चा अधिक हो रही है। बताया जा रहा है कि सीएम सोरेन के दिल्ली दौरे के क्रम में उनकी मुलाकात कांग्रेस के वरीय नेताओं से हो सकती है। इस दौरान पिछले दिनों कोलकाता में करीब 49 लाख रुपये कैश के साथ कांग्रेस के तीन विधायकों की गिरफ्तारी से उत्पन्न राजनीतिक परिस्थितियों पर विमर्श हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications