CM Hemant Soren: हार पर बोले हेमंत सोरेन, जनादेश स्वीकार किया, मुख्य मैच अभी बाकी
त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय में चुनावी नतीजों के साथ ही 5 राज्यों की 6 सीटों पर हुए उपचुनाव के भी नतीजे आ गए हैं। झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा को बड़ा झटका लगा है।

त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय में चुनावी नतीजों के साथ ही 5 राज्यों की 6 सीटों पर हुए उपचुनाव के भी नतीजे आ गए हैं। झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा को बड़ा झटका लगा है। झारखंड के रामगढ़ सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा समर्थित आजसू उम्मीदवार सुनीता चौधरी ने जीत हासिल की है। सुनीता चौधरी ने 21970 मतों के अंतर से यूपीए समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो को हराया है। इससे अब भाजपा के हौसले बुलंद होते दिखाई दे रहे हैं। दूसरी ओर उपचुनाव के नतीजों को लेकर यूपीए सरकार का नेतृत्व कर रहे हेमंत सोरेन ने बड़ा बयान दिया है।
हेमंत सोरेन ने साफ तौर पर कहा कि जनादेश स्वीकार है। मुख्य मुकाबला अभी बाकी है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक हेमंत सोरेन ने कहा कि राजनीति में जो आंतरिक और बाहरी व्यवस्था है उसे लोग जानते ही हैं। जनादेश को स्वीकार करते हैं...मुख्य मैच तो अभी बाकी है। वहीं, पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुबर दास ने कहा कि रामगढ़ में NDA की जीत पर सभी देवतुल्य मतदाताओं, जुझारू कार्यकर्ताओं का हार्दिक अभिवादन। उन्होंने कहा कि यह प्रचंड विजय राज्य की भ्रष्ट और निकम्मी सरकार की विदाई की शुरुआत है। युवा, महिला, किसान, मजदूर, आदिवासी, पिछड़े, वंचितों समेत सभी झारखंडवासियों को धोखा देनेवालों को यह जनता का जवाब है।
मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने कहा कि भाजपा के साथ मिलकर उपचुनाव में उतरी आजसू पार्टी को 1,15,669 वोट मिले जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस को 93,699 मत मिले। मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। इस निर्वाचन क्षेत्र में 27 फरवरी को उपचुनाव हुआ था जिसमें 67.96 प्रतिशत मतदान हुआ था। वैसे तो 14 निर्दलीय समेत 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आजसू के बीच था। कांग्रेस विधायक ममता देवी को आपराधिक मामले में दोषसिद्ध होने पर विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराये जाने के बाद यह उपचुनाव कराया गया।












Click it and Unblock the Notifications