Jharkhand: बोकारो के अंकित का उच्च शिक्षा का सपना होगा पूरा, सीएम के निर्देश पर कोचिंग संस्थान में हुआ एडमिशन
यही नहीं अंकित को किताबें और अन्य जरूरी चीजें भी उपलब्ध कराई गई है।

रांची: बोकारो के मेधावी छात्र अंकित कुमार का उच्च शिक्षा का सपना अब साकार होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश के बाद बोकारो के उपायुक्त ने अंकित का नामांकन कोचिंग संस्थान में करा दिया है। यही नहीं, अंकित को किताबें और अन्य जरूरी चीजें भी उपलब्ध कराई गई है।
अंकित की मां को मिला अंबेडकर आवास
अब अंकित की पढ़ाई में कोई रोड़ा नहीं है। अंकित की माता बिराजू देवी को डॉ. भीम राव अंबेडकर आवास भी स्वीकृत कर दिया गया है।
ब्लॉक ऑफिस ने उन्हें आवास स्वीकृति का पत्र भी उपलब्ध करा दिया गया है। अब वह स्वयं सरकार से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कर अपना आवास निर्माण करा सकती है।
CM को अंकित की खराब आर्थिक स्थिति की मिली थी जानकारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जानकारी मिली थी कि बोकारो निवासी अंकित कुमार ने मैट्रिक परीक्षा, 2022 में करीब 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से वह आगे की पढ़ाई करने में असमर्थ है।
अंकित के पिता शारीरिक रूप से कमजोर हैं और मजदूरी करने वाली मां का एक सड़क दुर्घटना में हाथ-पैर टूट गया था। इससे पूरे परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उपायुक्त को हरसंभव सरकारी सहायता के दिए थे निर्देश
मुख्यमंत्री ने उपायुक्त, बोकारो को मामले की जांच कर अंकित की पढ़ाई के लिए हरसंभव सरकारी सहायता पहुंचाने एवं अंकित के परिवार को जरूरी सभी योजनाओं से जोड़ते हुए भी सूचित करने का आदेश दिया था। इसपर तत्काल कार्रवाई की गई।
हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर अंकित को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अंकित को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया कि अंकित, अब आप खूब मन लगाकर पढ़ो और खूब आगे बढ़ो। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। मैंने पहले भी कहा है कि हमारी सरकार में गरीबी को कभी किसी बच्चे की पढ़ाई में रुकावट का कारण बनने नहीं दिया जायेगा। प्री और पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप में भी दो-तीन गुना वृद्धि कर लाखों बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। शिक्षा के हर स्तर पर विभिन्न योजनाओं को राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications