Himachal Election: प्रतिभा सिंह बोलीं- प्रियंका की रैली से होगा कांग्रेस का चुनावी शंखनाद
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी की 14 अक्टूबर को सोलन के ठोडो मैदान में होने वाली रैली से प्रदेश में पार्टी का चुनावी शंखनाद होगा। उन्होंने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी के सदस्यों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और इसके सभी पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों के प्रमुखों व उनके पदाधिकारियों को रैली में शामिल होने के लिए कहा है। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने प्रियंका गांधी की जनसभा के प्रबंधों की समीक्षा करते हुए कहा कि कांग्रेस की यह जनसभा प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह अधिक से अधिक इस जनसभा में शामिल होकर पार्टी को मजबूत करें।

15 को हो सकती है कांग्रेस केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक
प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशी तय करने को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक 15 अक्टूबर को हो सकती है। बैठक में 29 सीटों को लेकर प्रत्याशी तय किए जाने हैं। स्क्रीनिंग कमेटी ने इन सीटों के लिए पैनल बनाकर केंद्रीय कमेटी को भेजे हैं। 12 अक्तूबर को प्रस्तावित बैठक 14 को प्रियंका गांधी की सोलन में होने वाली रैली के चलते तीन दिनों के लिए टाली गई है। उधर, बीते दिनों हुई केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में मंजूर हुई 39 कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द जारी होने के आसार हैं। पार्टी नेताओं ने बताया कि 14 अक्तूबर की रैली के बाद पहली सूची जारी होने के दिल्ली से संकेत मिले हैं।
पांच साल सोई रही सरकार अब ले रही कोरे फैसले : सुक्खू
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि पांच साल भाजपा सरकार सोई रही। अब कोरे फैसले लेने में डटी है। हर तीसरे दिन कैबिनेट बैठक बुलाकर बिना बजट की घोषणाएं की जा रही हैं। यह सत्ता से बाहर होने वाली सरकार की निशानी है। सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अगर इतनी तत्परता अपने पूरे कार्यकाल में दिखाई होती तो प्रदेश के इतनी बदतर स्थिति नहीं होती। जनता को सुशासन प्रदान करने में सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है। हर वर्ग सरकार से दुखी है। कैबिनेट में जो निर्णय लिए जा रहे हैं, वे पूरे होने वाले नहीं हैं।
यह जनता को बहकाने को लिए जा रहे हैं। हर कोई यह जानता है कि अभी की जारी घोषणाएं और फैसले पूरे होने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जितनी नौकरियां अभी निकाली गईं, अगर यह समय रहते निकालते तो हजारों बेरोजगारों को रोजगार मिलता। अब सरकार जाते देख मुख्यमंत्री की नींद टूटी है और दिखावे के लिए धड़ाधड़ फैसले हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि बीते तीन महीनों में हुए फैसलों के लिए कितने बजट का प्रावधान किया है। जनता को यह सच बताया जाए। सरकार कर्ज के पैसों से घी पीने में लगी हुई है। जनता के हितों की कोई चिंता नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं रहा है। कांग्रेस नेताओं के सहारे भाजपा प्रदेश में सरकार बनाना चाह रही है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता में नरेश चौहान ने भाजपा पर लोकतंत्र की परंपराओं को खराब करने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस नेताओं को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पांच सालों में भाजपा ने प्रदेश में कोई भी विकास कार्य नहीं किया। सरकार के मंत्रियों और विधायकों की परफार्मेंस शून्य रही है।
कहा कि हिमाचल की जनता को कांग्रेस से उम्मीद है। कांग्रेस ने हर वर्ग को गारंटी दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बीते पांच साल में दी गई नौकरियों को लेकर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। कहा कि जिन राज्यों में चुनाव होते हैं, प्रधानमंत्री उनको अपना घर बना लेते हैं। प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। वे हिमाचल को शब्दों में ही अपना दूसरा मानते हैं।
चार्जशीट पर सत्ता में आते ही शुरू करेंगे कार्रवाई
नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस की ओर से बनाई गई चार्जशीट पर सत्ता में आते ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। भाजपा सरकार के सभी मंत्रियों और विधायकों का लेखाजोखा कांग्रेस ने तैयार कर लिया है।
राहुल गांधी सहित नए राष्ट्रीय अध्यक्ष भी करेंगे प्रचार
हिमाचल में चुनाव प्रचार के लिए राहुल गांधी और पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हिमाचल आएंगे। नरेश चौहान ने कहा कि राहुल गांधी से भारत जोड़ो यात्रा से कुछ समय निकाल कर हिमाचल आने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications