'एक-दो सालों में नहीं जलेगा पराली का एक तिनका भी', हरियाणा मंत्री कंवर पाल ने किया बड़ा दावा
Haryana News: हरियाणा के शिक्षा एव वन मंत्री कंवर पाल ने पराली को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक-दो सालों में हरियाणा के अंदर पराली और फसल अवशेषों का एक तिनका भी नहीं जलेगा। इन फसल अवशेषों का प्रबंधन करने का तौर तरीका किसान बखूबी जान चुके हैं।
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि पराली औऱ फसल अवशेषों का प्रबंधन करने पर किसानों को प्रति एकड़ 1 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग सरकार की तरफ से दिया जाएगा। मंत्री कंवर पाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश पराली और फसल अवशेषों का प्रबंधन करने पर देश का सबसे अग्रणी राज्य है।

साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से ही किसानों को 85 फीसदी सब्सिडी पर कृषि मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही है। इन मशीनों के माध्यम से किसान फसल अवशेषों का सहजता से प्रबंधन करने में सक्षम हो चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्री कंवर पाल ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में पराली जलाने की बहुत कम मामले सामने आए हैं।
यह मामले पिछले कई सालों की तुलना में कई गुणा कम हैं। दिल्ली की आप सरकार इस विषय पर केवल राजनीति कर रही है। उनकी आदत है हर किसी विषय के लिए दूसरे को जिम्मेदार ठहराना। जब पूर्व में पंजाब में कांग्रेस सरकार थी तब हरियाणा के साथ-साथ पंजाब पर भी पराली जलाने के आरोप लगाते थे।
लेकिन, अब सेटेलाइट के माध्यम से जो तस्वीरें सामने आई है उससे साफ स्पष्ट हो गया है कि पराली जलाने की घटनाएं हरियाणा से पंजाब में कई गुना ज्यादा है। लेकिन वहां उनकी पार्टी की सरकार है तो इसलिए अब पंजाब का नाम नहीं लेते। यह एक गंभीर विषय है, इस पर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति न करके समाधान ढूंढना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अपनी गलती पर भी दूसरों पर आरोप लगाना यह उनका स्टाइल है। हरियाणा ने फ़सल अवशेषों के लिए जो व्यवस्था की आज उसकी पूरे देश में तारीफ हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications