Avengers Doomsday Advance Booking: रिलीज से 21 दिन पहले ही भारत में 'एवेंजर्स डूम्सडे' की बिकीं 10 लाख टिकटें
Avengers Doomsday Advance Booking: हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित सुपरहीरो फिल्म 'एवेंजर्स डूम्सडे' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में नजर आ रही है। मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की इस बड़ी फिल्म को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका असर एडवांस टिकट बिक्री में भी साफ दिखाई दे रहा है। अमेरिकी बाजार में फिल्म की प्रीसेल्स ने शानदार रफ्तार पकड़ ली है, वहीं भारतीय सिनेमाघरों में भी इसकी टिकटों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है।
भारत में 'एवेंजर्स डूम्सडे' की एडवांस बुकिंग ने पकड़ी रफ्तार
शुरुआती अनुमानों के मुताबिक अमेरिका में फिल्म पहले वीकेंड पर करीब 270 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2500 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। दूसरी तरफ भारत में रिलीज से तीन हफ्ते पहले ही इसकी 10 लाख से ज्यादा टिकटें बिक चुकी हैं। ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजर अब फिल्म की ओपनिंग और पहले वीकेंड के कलेक्शन पर टिकी हुई है।

बिक गईं 10 लाख से ज्यादा टिकटें
-'एवेंजर्स डूम्सडे' को लेकर भारतीय दर्शकों में भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म की रिलीज से 21 दिन पहले तक देशभर में 8,256 शो के लिए 10.27 लाख टिकटें बिक चुकी थीं। इन टिकटों से फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 65.19 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
-फिल्म की एडवांस बुकिंग की ये रफ्तार बताती है कि भारतीय दर्शक मार्वल की इस अगली बड़ी पेशकश को लेकर कितने उत्साहित हैं। खास बात ये है कि फिल्म भारत में अमेरिका से एक दिन पहले यानी 17 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ऐसे में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत काफी दमदार रहने की उम्मीद है।
अमेरिका में पहले वीकेंड पर 2500 करोड़ कमाने का अनुमान
-भारत के साथ-साथ अमेरिकी बॉक्स ऑफिस से भी फिल्म को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। डेडलाइन की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में 'एवेंजर्स डूम्सडे' की शुरुआती एडवांस टिकट बिक्री काफी मजबूत है। प्रीसेल्स के मौजूदा रुझान को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म अपने पहले वीकेंड में करीब 270 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2500 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है।
-हालांकि ये फिलहाल शुरुआती अनुमान है और वास्तविक कमाई फिल्म की रिलीज के बाद ही स्पष्ट होगी। इसके बावजूद इतनी बड़ी प्रोजेक्शन ने हॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। मार्वल की एवेंजर्स फ्रेंचाइजी पहले भी दुनियाभर में कई बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में 'एवेंजर्स डूम्सडे' से भी पुराने रिकॉर्ड को चुनौती देने की उम्मीद की जा रही है।
नए ट्रेलर ने तोड़ा डिज्नी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
-फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसके नए ट्रेलर को मिल रहे रिस्पॉन्स से भी लगाया जा सकता है। डेडलाइन की रिपोर्ट के अनुसार 'एवेंजर्स डूम्सडे' के नए ट्रेलर को अब तक 563 मिलियन यानी 56.3 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं। इसके साथ ही यह डिज्नी के इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला ट्रेलर बन गया है।
-इस ट्रेलर ने फिल्म के टीजर को मिले 24 घंटे के 503 मिलियन व्यूज का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, इसने साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'डेडपूल एंड वुल्वरिन' के सुपर बाउल टीजर को भी पछाड़ दिया है, जिसे ब्रॉडकास्ट व्यूज समेत 365 मिलियन व्यूज मिले थे। ट्रेलर को मिल रहे इस शानदार रिस्पॉन्स ने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब दर्शकों को इसके सिनेमाघरों में आने का इंतजार है।
तीन यूनिवर्स के सुपरहीरोज से सजी है फिल्म
'एवेंजर्स डूम्सडे' की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल स्टार कास्ट है। फिल्म में तीन अलग-अलग यूनिवर्स के लोकप्रिय सुपरहीरोज एक साथ नजर आएंगे। इस बार उनके सामने ऐसा खतरनाक विलेन होगा, जिससे मुकाबला करना उनके लिए अब तक की सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। कहानी में दुनिया के अस्तित्व पर मंडराते संकट के बीच सुपरहीरोज को एकजुट होकर लड़ना होगा। फिल्म का निर्देशन एंथनी रूसो और जो रूसो ने किया है। वहीं, केविन फाइगी, लुई डी'एस्पोसिटो और जोनाथन श्वार्ट्ज इसके निर्माता हैं।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर से क्रिस इवांस तक, स्टार्स की लंबी फौज
-फिल्म में हॉलीवुड के कई बड़े और लोकप्रिय कलाकार नजर आने वाले हैं। इसकी स्टार कास्ट में रॉबर्ट डाउनी जूनियर, क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रुड, एंथनी मैकी, फ्लोरेंस प्यू और वैनेसा किर्बी जैसे सितारे शामिल हैं। इसके अलावा एबन मॉस-बैक्रैक, वायट रसेल, चैनिंग टैटम, सिमू लियू, इयान मैककेलेन, हेली एटवेल, टॉम हिडलस्टन, जेम्स मार्सडेन और पैट्रिक स्टीवर्ट भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
-वहीं सेबेस्टियन स्टैन, डेविड हार्बर, लेटिटिया राइट, लुईस पुलमैन, केल्सी ग्रामर, कैथरीन न्यूटन, डैनी रामिरेज, विंस्टन ड्यूक, एलन कमिंग, हन्ना जॉन-कामेन और रेबेका रोमिजन सहित कई अन्य कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।
-कुल मिलाकर दमदार स्टार कास्ट, रिकॉर्ड तोड़ ट्रेलर व्यूज और तेजी से बढ़ती एडवांस बुकिंग ने 'एवेंजर्स डूम्सडे' को साल की सबसे चर्चित हॉलीवुड फिल्मों में शामिल कर दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह फिल्म रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर भी वैसा ही धमाका कर पाती है, जैसा इसके शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
