'60 सीट पर चुनाव लड़कर मजाक करेंगे?', सपा से तकरार के बीच इमरान मसूद के बागी तेवर, मायावती को गठबंधन का ऑफर

UP Election 2026: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी खेमे में सीटों का गणित अभी से सियासी तनाव की वजह बनता दिख रहा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत के बीच कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी 60 सीटों पर चुनाव लड़कर संतुष्ट नहीं होगी।

उनका कहना है कि कांग्रेस को यूपी में अपना राजनीतिक वजूद फिर से मजबूत करना है। इसके लिए वह हर जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं। मसूद के इस बयान ने सपा-कांग्रेस गठबंधन के भविष्य और मायावती की भूमिका को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

imran masood

60 सीटों पर क्यों तैयार नहीं कांग्रेस?

इमरान मसूद से जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस 60 सीटों पर समझौता कर सकती है, तो उन्होंने इस संभावना को खारिज कर दिया। उनका कहना था कि अगर पार्टी को अपना आधार ही मजबूत करना है, तो इतने कम सीटों पर चुनाव लड़ने का क्या फायदा होगा। मसूद ने कहा कि उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर अपनी बात पार्टी नेतृत्व तक पहुंचा दी है। अब नेतृत्व जो फैसला करेगा, वह उन्हें मंजूर होगा।

उनके बयान से साफ है कि कांग्रेस के भीतर सीटों को लेकर असंतोष है। पार्टी सिर्फ गठबंधन में बने रहने के लिए कम सीटों पर चुनाव लड़ने के पक्ष में नहीं दिख रही। मसूद ने यह भी याद दिलाया कि जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस 100 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ चुकी है। ऐसे में 60 सीटों का प्रस्ताव पार्टी के लिए स्वीकार करना आसान नहीं होगा।

Akhilesh के 'Special-26' Offer से कांग्रेस क्यों असहज? सपा MP इकरा हसन ने खोली पोल, '2029' का गेम प्लान?
Akhilesh के 'Special-26' Offer से कांग्रेस क्यों असहज? सपा MP इकरा हसन ने खोली पोल, '2029' का गेम प्लान?

इमरान मसूद बोले- सपा तय करे भाजपा से लड़ना है या कांग्रेस से

इमरान मसूद बोले,

"यहां जो कुछ भी हो रहा है, उससे लगता है कि इस मामले में सीरियसनेस की कमी है। सीरियसनेस की कमी इसलिए है क्योंकि आप (समाजवादी पार्टी) एक तरफ बातचीत कर रहे हैं, दूसरी तरफ अनाउंसमेंट कर रहे हैं, जिससे पता चलता है कि इसे सीरियसली नहीं लिया जा रहा है। सीरियस तरीके से बातचीत हो रही थी, और लोग एक साथ बैठकर सीरियसली बात कर रहे थे, लेकिन अचानक ऐसा हो गया। तो अब हम अपनी पार्टी के अंदर डिस्कस करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए, बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं, क्योंकि इस वक्त क्या करना है, इसका फैसला पार्टी करेगी। जब आपने मेरे खिलाफ यह अनाउंसमेंट कर दिया है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से, या BJP से? यह तो तय करना ही होगा, है ना, कि आप BJP से लड़ना चाहते हैं या हमसे? तो, मैं इस बारे में क्या कह सकता हूं?"

इमरान मसूद बोले,

"समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए अपनी रणनीति अपने तरीके से बनाएगी। यह उनका फैसला है, इसलिए हमारे लिए इस पर कमेंट करना ठीक नहीं होगा। मुझे प्रेस के ज़रिए अखिलेश जी को मैसेज भेजने की कोई जरूरत नहीं है। मेरे पास मीडिया के ज़रिए उनसे या समाजवादी पार्टी से बात करने की कोई वजह नहीं है और न ही मैं ऐसा करने की हालत में हूं।''

UP Chunav 2027: 'सपा के आगे गिड़गिड़ा रही कांग्रेस, चिल्लाने से न होगा’, राजभर बोले- 26 नहीं, 22 सीटें मिलेंगी
UP Chunav 2027: 'सपा के आगे गिड़गिड़ा रही कांग्रेस, चिल्लाने से न होगा’, राजभर बोले- 26 नहीं, 22 सीटें मिलेंगी

सपा के घोषणापत्र पर भी इमरान मसूद ने उठाए सवाल

मसूद ने सपा के घोषणापत्र को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। जब घोषणापत्र और उम्मीदवारों की सूची सपा की है, तो इनसे जुड़े सवाल भी उसी पार्टी से पूछे जाने चाहिए।

उन्होंने गठबंधन की मौजूदा प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया। मसूद के मुताबिक, गठबंधन का मतलब सिर्फ सीटों का बंटवारा नहीं होता। इसमें साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस और मिलकर फैसले लेने की प्रक्रिया भी शामिल होती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में हर चीज साझा होती है, लेकिन यहां जो हो रहा है, उसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

UP चुनाव में सीट शेयरिंग पर बड़ा अपडेट! सिर्फ 20 मिनट चली कांग्रेस-सपा की पहली बैठक, जानिए कब होगी फाइनल डील?
UP चुनाव में सीट शेयरिंग पर बड़ा अपडेट! सिर्फ 20 मिनट चली कांग्रेस-सपा की पहली बैठक, जानिए कब होगी फाइनल डील?

क्या मायावती के साथ गठबंधन चाहती है कांग्रेस?

मायावती के साथ गठबंधन की संभावना पर सवाल हुआ तो मसूद ने गेंद बहुजन समाज पार्टी प्रमुख के पाले में डाल दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला मायावती को करना है कि वह गठबंधन करना चाहती हैं या नहीं। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या मायावती को कोई छोटा नेता समझता है?

इस बयान को सपा के साथ सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस के दूसरे विकल्पों की चर्चा से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मसूद ने मायावती के साथ गठबंधन का कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया है। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि इस पर फैसला मायावती को लेना है।

राहुल गांधी के बिना बीजेपी के खिलाफ लड़ाई अधूरी- मसूद

इमरान मसूद ने बीजेपी के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई में राहुल गांधी की भूमिका को भी सबसे अहम बताया। उनका कहना था कि देश में बीजेपी के खिलाफ जो लड़ाई चल रही है, उसकी अगुवाई कांग्रेस और राहुल गांधी कर रहे हैं। राहुल गांधी के बिना इस संघर्ष का कोई राजनीतिक आधार नहीं है। मसूद ने कहा कि इस लड़ाई की शुरुआत राहुल गांधी से ही होगी और बाकी बातें इसके बाद आती हैं।

सपा सांसद इकरा हसन ने कांग्रेस नेतृत्व से गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का सबसे बड़ा सहयोगी समाजवादी पार्टी है। इकरा ने यह भी दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद मिलने में सपा के समर्थन और योगदान की बड़ी भूमिका रही है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से कहा कि वह अपने नेताओं के बयानों पर ध्यान दे। अगर इमरान मसूद जैसे नेताओं के बयान पार्टी का आधिकारिक रुख हैं, तो उन्हें औपचारिक तौर पर सपा तक पहुंचाया जाना चाहिए। अगर ये निजी बयान हैं, तो पार्टी को ऐसे बयानों पर रोक लगानी चाहिए।

ओपी राजभर का सपा के घोषणापत्र पर हमला

इस सियासी खींचतान के बीच उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने भी समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र पर निशाना साधा। अंबेडकर नगर में सपा के घोषणापत्र कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी को अपना घोषणापत्र जारी करने की पूरी आजादी है, लेकिन सत्ता में आने के बाद वह उसमें किए वादों के उलट काम करती है।

ओपी राजभर ने 2012 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सपा ने अपने घोषणापत्र में दंगों, गुंडाराज या सरकारी नौकरियों को पैसे लेकर बेचने की बात नहीं लिखी थी। लेकिन सरकार बनने के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगड़ी, अपराधियों का दबदबा बढ़ा और गैंगवार जैसी घटनाएं हुईं। उन्होंने दावा किया कि सपा के घोषणापत्र में इन बातों का जिक्र नहीं था, इसलिए उसके वादों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

कुल मिलाकर सीटों को लेकर इमरान मसूद की नाराजगी ने सपा-कांग्रेस रिश्तों में दबाव की स्थिति पैदा कर दी है। कांग्रेस के सामने अपना राजनीतिक आधार बढ़ाने की चुनौती है, जबकि सपा के लिए विपक्षी एकता बनाए रखना अहम है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों दल सीट बंटवारे पर सहमत होते हैं या यूपी की राजनीति में गठबंधन का नया समीकरण बनता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+