राखीगढ़ी की तर्ज पर अग्रोहा को विकसित करेगी हरियाणा सरकार, केंद्र सरकार ने दी अपनी मंजूरी
Haryana News: ऐतिहासिक स्थल अग्रोहा को हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार राखीगढ़ी की तर्ज पर जल्द ही विकसित करेगी। अग्रोहा को विकसित करने के लिए हरियाणा सरकार को केंद्र की तरफ से मंजूरी मिल गई है। बता दें कि अग्रोहा के पुरातात्विक स्थल को महाराजा अग्रसेन की राजधानी माना जाता है।
हरियाणा सरकार की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने अग्रोहा पुरातात्विक स्थल एवं निकटवर्ती क्षेत्र का समग्र विकास राखीगढ़ी मॉडल के अनुसार एमओयू के माध्यम से करने की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में भारत सरकार के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण अन्वेषण एवं उत्खनन अनुभाग ने पत्र लिखकर जानकारी दी है।

उन्होंने हरियाणा सरकार के पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक को लिखे पत्र में बताया कि अग्रोहा पुरातत्व स्थल की खुदाई भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की उत्खनन शाखा-द्वितीय और हरियाणा राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी।
केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब ऐतिहासिक स्थल अग्रोहा को राखीगढ़ी की तर्ज पर जल्द ही सरकार विकसित करेगी। बता दें कि अग्रोहा को विकसित करने के संबंध में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी.किशन रेड्डी को अगस्त माह में एक पत्र लिखा था।
पत्र में कहा था कि हरियाणा सरकार ऐतिहासिक शहर अग्रोहा में पुरातात्विक विरासत को उजागर करना चाहती है, ताकि राज्य के सांस्कृतिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़े। सीएम के पत्र पर केंद्र सरकार ने अग्रोहा पुरातात्विक स्थल एवं निकटवर्ती क्षेत्र का समग्र विकास राखीगढ़ी मॉडल के अनुसार एमओयू के माध्यम से करने की मंजूरी दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications