हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बोले- अभय चौटाला गंभीर नेता नहीं, सुरजेवाला को टैक्स का ज्ञान नहीं
चंडीगढ़। हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने इनेलो नेता अभय चौटाला को नॉन सीरियस नेता बताया है। उन्होंने कहा कि बार-बार इस्तीफे की बात करना यह दर्शाता है। क्योंकि चुनाव कोई खेल नहीं है। वहीं, रणदीप सुरजेवाला द्वारा पेट्रोल-डीजल पर वैट कमी को लेकर उठाए गए सवाल पर दुष्यंत ने कहा कि सुरजेवाला ने मंत्री रहते हुए कभी आबकारी विभाग नहीं देखा, इसके कारण उन्हें वैट के नंबर का नहीं पता है। प्रदेश में वैट प्रतिशत पर चलता है। यहां डिप्टी सीएम पत्रकारों से रूबरू थे।

अपने प्रदर्शन पर मंथन करे कांग्रेस
ऐलनाबाद उपचुनाव के बारे में चौटाला ने कहा कि गठबंधन ने अच्छा चुनाव लड़ा, ऐलनाबाद का चुनाव परिणाम बीजेपी-जेजेपी कार्यकर्ताओं के लिए एक जीत है। अभय चौटाला पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि 30 हजार वोट से बड़ी-बड़ी जीत का दावा करने वाले मात्र 6700 तक सीमित रहे। इनेलो का पहले के मुकाबले गढ़ कमजोर हुआ है। इस बार कुछ कसर रह गई, अगले चुनाव में इसे भी पूरा कर देंगे। कांग्रेस को लेकर चौटाला ने कहा कि पिछली बार कांग्रेस के वोट अच्छे थे, लेकिन इस बार उनका उम्मीदवार जमानत भी नहीं बचा पाया। इसलिए कांग्रेस को इस पर मंथन करना चाहिए।
गलत शब्दावली के कारण कई नेताओं के करियर हो गए खत्म
रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा के आंखें निकालने और हाथ काटने के बयान पर चौटाला ने कहा कि ये देखना होगा कि यह किस संदर्भ में कहा गया है। वैसे राजनेताओं को अपनी शब्दावली का चयन सोच-समझ कर करना चाहिए। विवादित बयान देने वाले कई नेताओं का प्रदेश ही नहीं, देश में करियर खत्म हो गया है।
संगठन मजबूत करने को घर-घर जाएंगे जेजेपी कार्यकर्ता
सरकार के सात साल पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की तर्ज पर अब जेजेपी कार्यकर्ता भी गठबंधन के दो साल पूरे होने पर घर-घर जाकर दस्तक देंगे। इस दौरान संगठन में नए सदस्यों को जोड़ा जाएगा, साथ ही सरकार की नीतियों का प्रचार किया जाएगा। इसके बाद 9 दिसंबर को जननायक जनता पार्टी अपना तीसरा स्थापना दिवस झज्जर में मनाएगी। इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रेसवार्ता के दौरान चौटाला ने कहा कि गठबंधन सरकार ने दो साल में ऐतिहासिक फैसले किए हैं। इन फैसलों और कराए गए विकास कार्यों के दम पर कार्यकर्ता एक माह तक घर-घर पहुंचेंगे। इस दौरान संगठन को और मजबूती देने के लिए नए सदस्य जोड़े जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications