हरियाणा: CM मनोहर लाल बोले, छात्रों को वैद्य नहीं डॉक्टर कहलाना ज्यादा पसंद
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आयुर्वेद की तारीफ करते हुए कहा कि आयुर्वेद को बढ़ावा देने में हरियाणा अहम योगदान निभा रहा है।

चंडीगढ़ में 3 दिवसीय आयुर्वेद का महाकुंभ आज से शुरू हो गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस महाकुंभ में बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आयुर्वेद की तारीफ करते हुए कहा कि आयुर्वेद को बढ़ावा देने में हरियाणा अहम योगदान निभा रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि हरियाणा सरकार जल्द ही सूबे के कई जिलों में आयुर्वेद के कॉलेज खोलने की तैयारी कर रही है।
आयुर्वेद सर्वोत्तम चिकित्सा पद्धति
सीएम ने कहा कि आजकल मेडिकल या आयुर्वेद के छात्र खुद को वैद्य कहना पसंद नहीं करते हैं और डॉक्टर कहलाना पसंद करते हैं। पहले सभी को शिक्षा और दवाई मिलती थी। फिर उसमें पैसों का प्रचलन शुरू हो गया। लोगों को लगने लगा कि पैसे देकर कुछ काम करवा लिया जाए तो अच्छा है। आयुर्वेद सर्वोत्तम चिकित्सा पद्धति है। एलोपैथी में हम एक बीमारी का इलाज करवाते हैं, लेकिन वह दूसरी बीमारी का रूप ले लेती है।
CM को VC की तलाश
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र में कृष्णा आयुर्वेद विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है। जिसके लिए 100 एकड़ जमीन स्वीकृत की गई है। हम इसके लिए वाइस चांसलर की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने भारतीय चिकित्सा पद्धति के राष्ट्रीय आयोग के अध्यक्ष डॉ राकेश शर्मा से एक उम्मीदवार का सुझाव देने के लिए कहा।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय का कार्यक्रम
आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन (आयुर्वेद महाकुंभ 2023) का आयोजन श्री धनवंतरी आयुर्वेदिक कॉलेज एंड हॉस्पिटल सेक्टर 46 में किया जा रहा है। इस महाकुंभ में 3 दिन आयुर्वेद पर देश भर से आए आयुर्वेद के विद्वान मंथन करेंगे। इसके साथ ही आयुर्वेद पर्व में 3 दिन लगातार 11 बजे आयुर्वेदाचार्य द्वारा फ्री चेकअप व दवाइयों का वितरण करेंगे।
लोगों के लिए फ्री एंट्री होगी
अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन एवं राज्यसभा चंडीगढ़ द्वारा आयुर्वेद पर्व 2023 का आयोजन किया जा रहा है। डॉ गीता जोशी ने बताया कि आयुर्वेद पर्व में पद्मश्री, पद्म भूषण अवार्ड वैद्य देवेंद्र त्रिगुणा, वैद्य अनिल भारद्वाज देश में आयुर्वेद को बढ़ावा देने पर मंथन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications