ग्लोबल लॉजिक टीम ने की बीआरएस MLC कविता से मुलाकात, यूनिट स्थापित करने पर हुई चर्चा
तेलंगाना की एमएलसी के. कविता ने हिताची समूह की कंपनी ग्लोबल लॉजिक से आग्रह किया है कि वो निजामाबाद के आगामी आईटी हब में अपनी एक यूनिट स्थापित करें।
सोमवार को हैदराबाद में आयोजित एक बैठक में ग्लोबल लॉजिक के वाइस प्रेसीडेंट गुरु कामकोलानु और कंटेंट इंजीनियरिंग विभाग के वाइस प्रेसीडेंट कृष्ण मोहन वीरावल्ली ने कविता से मुलाकात कर निजामाबाद में परिचालन स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान निजामाबाद आईटी हब और उससे जुड़े केंद्रों जैसे परिवहन, पानी, बिजली और सुरक्षा पर व्यापक चर्चा हुई। कविता ने कंपनी की स्थापना को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रदान किए जाने वाले फायदों और बुनियादी ढांचे का जिक्र किया। वहीं, बीआरएस के विधायक बाजीरेड्डी गोवर्धन ने यह भी आश्वासन दिया कि आईटी हब तक परिवहन के लिए टीएसआरटीसी बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा कंपनी के प्रतिनिधियों ने निजामाबाद में दी जाने वाली नौकरियों में महिलाओं को प्राथमिकता देने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आपको बता दें कि ग्लोबल लॉजिक का मुख्यालय अमेरिका के कैलिफोर्निया में है और वर्तमान में हैदराबाद में इसके दो परिसर हैं। इनमें गाचीबोवली और जुबली हिल्स में लगभग 3,000 कर्मचारी काम करते हैं।
साथ ही कंपनी भविष्य में भी तेलंगाना के अन्य हिस्सों में विस्तार करने की योजना बना रही है। कंपनी के प्रतिनिधि मंगलवार को निजामाबाद आईटी हब का दौरा करने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications