भाजपा सरकार की हर नीति जनहितैषी, घर बैठे मिल रहा है लाभ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल
CM ने बताया कि हमारी सरकार ने जनता के कल्याण के लिए कई योजनाएं बनाई जिनकी सराहना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र के नेताओं ने की है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार की हर नीति जनहितैषी है। प्रदेश व केंद्र की मोदी सरकार ने अनेको ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है, लोगों को ऑनलाइन तरीके से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार का प्रयास रहा है कि केंद्र और प्रदेश की योजनाओं का लाभ आखिरी छोर पर बैठे व्यक्ति तक मिले। मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार को मोदी सरकार के 9 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले महाजनसंपर्क अभियान को लेकर यमुनानगर के जगाधरी में प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा बुलाई गई भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे। बैठक में उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा लाभार्थियों से फीडबैक लेने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार ने जनता के कल्याण के लिए कई योजनाएं बनाई जिनकी सराहना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र के नेताओं ने की है। दूसरे प्रदेशों ने भी हमारी योजनाओं को लागू किया है। हालांकि किसी भी योजना को शुरू करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन बाद में सब कुछ ठीक-ठाक हो जाता है। अगर उनमें कुछ त्रुटियां रही तो वो हमने ठीक की है। आज की बैठक में मुख्यमंत्री ने नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी केंद्र व प्रदेश की योजनाओं के बारे में फीड बैक भी लिया। मुख्यमंत्री ने ई-टैंडरिंग पर भी अपने विचार रखें। सीएम ने कहा कि नए-नए काम में असमंजस की स्थिति बनना आम बात है। पंचायतों ने जब इसे समझा तो इस प्रक्रिया के तहत काम करना शुरू कर दिया। हमारी सरकार ने पंचायतों के प्रस्ताव पर भी ध्यान दिया और उनकी मांगों को पूरा किया है।
आष्युमान भारत बहुत बड़ी योजना है और देश में करोड़ों लोग इसका लाभ ले रहे हैं। इसी योजना के समानांतर हमारी सरकार ने चिरायु कार्ड योजना बनाई और प्रदेश के गरीबों को पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज कराने की सुविधा दी है। सीएम ने कहा कि मैने खुद कार्यक्रमों में लाभार्थियों से इन योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया है जिसकी लोगों ने सराहना की है। जहां सुधार की जरूरत थी वहां हमने सुधार किए। प्रदेश के साढ़े 15 लाख परिवारों को इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। चिरायु कार्ड के लिए हमारी सरकार ने 500 करोड़ के बजट का प्रावधान रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति पात्र हैं उसे सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य मिलना चाहिए। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे लोगों के सहायक के रूप में उनकी सहायता करें। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का कोई स्थान नहीं है। आज किसानों का पैसा डीबीटी के जरिए सीधे उनके खाते में आ रहे हैं। भाजपा शासनकाल में किसान खुशहाल हैं। अपने जनसंवाद कार्यक्रमों का भी सीएम ने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोग अपनी समस्याएं बता रहे हैं उनका प्राथमिकता से हल भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर मंत्री, विधायक, पदाधिकारी भी सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों से बातचीत करें और उन्हें विश्वास दिलाए कि भाजपा सरकार ही लोगों के हितों के लिए काम करने वाली सरकार है।












Click it and Unblock the Notifications