चुनावी हलफनामा मामला: 'कोई गलत काम नहीं किया', कोर्ट में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दिया जवाब
भाजपा नेता ने शिकायत में लगाए गए सभी तर्कों और आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने कोई 'अपराध या गलत काम' नहीं किया है, बता दें कि फडणवीस डेढ़ घंटे बाद अदालत परिसर से निकले।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 2014 के आमचुनाव में नामांकन के वक्त अपने खिलाफ दर्ज और लम्बित दो आपराधिक मुकदमे की जानकारी छिपाने के एक केस में आज यानी शनिवार को अदालत में पेश हुए। फडणवीस ने कोर्ट में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का खंडन किया।
लिखित में दिया जवाब
दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 313 के प्रावधान के तहत फडणवीस का बयान लिखित प्रारूप में दर्ज किया गया था। फडणवीस अपने वकीलों के साथ दोपहर 12 बजे सिविल जज वी ए देशमुख के सामने पेश हुए। इस बीच उन्हें 110 सवालों के साथ 35 पेज दिए गए। फडणवीस ने अपने वकीलों से चर्चा के बाद हर सवाल का जवाब खुद लिखित में दिया।
कोई गलत काम नहीं किया
भाजपा नेता ने शिकायत में लगाए गए सभी तर्कों और आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने कोई 'अपराध या गलत काम' नहीं किया है। बता दें कि फडणवीस डेढ़ घंटे बाद अदालत परिसर से निकले। अदालत मामले की अंतिम सुनवाई छह मई को करेगी।
सतीश उके ने लगाए आरोप
अधिवक्ता सतीश उके ने याचिका दायर कर फडणवीस के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि 1996 और 1998 में भाजपा नेता के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन उन्होंने 2014 के विधानसभा चुनावों से पहले अपने चुनावी हलफनामे में इस जानकारी का खुलासा नहीं किया था। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद सतीश उके वर्तमान में जेल में है।












Click it and Unblock the Notifications