तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए मंजूर हुए 800 करोड़, दुष्यंत चौटाला ने कहा- जल निकासी के लिए भी 140 करोड़
Haryana News: हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्र के चंहुमुखी विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। जिले की बात करें तो जल निकासी के लिए 140 व तालाबों के सुंदरीकरण के लिए 800 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।
अमृत सरोवर योजना के तहत 1800 तालाबों की जिम्मेदारी हरियाणा तालाब प्राधिकरण को दी है। यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कही। दरअसल, वह महम क्षेत्र के गांव सैमाण, बहलबा व गिरावड़ में आयोजित जनसभाओं में पहुंचे थे।

गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। बहलबा में पहलवान भीम तथा ओम प्रकाश राठी ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने कई व्यवस्थाओं में बदलाव किए गए हैं।
हरी चुनरी चौपाल के वादे को पूरा करते हुए पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के डिपो में हर तीसरा डिपो महिला द्वारा संचालन का प्रावधान किया है। अब जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के संगठन को मजबूत बनाने के लिए हर बूथ पर महिला सखी को जोड़ें तथा ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी संगठन के साथ जोड़ें।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं व योजनाओं को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन कर दिया गया है। लगभग 600 सेवाएं कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही है। गांवों के विकास कार्यों के लिए ग्राम दर्शन पोर्टल शुरू किया है।
शिवधाम योजना के तहत शमशान व कब्रिस्तानों में पेयजल, शैड, चारदीवारी इत्यादि के कार्य कराए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों की सभी फिजीबल मांगों का एस्टीमेट तैयार करवाकर शीघ्र पूर्ण करवाएंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाने के लिए सर्वेक्षण किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications