जाम मुक्त होगी दिल्ली, मुकरबा चौक और हैदरपुर मेट्रो रोड पर तीन अंडरपास बनाएगी केजरीवाल सरकार
नई दिल्ली: केजरीवाल सरकार मुकरबा चौक से हैदरपुर बादली मेट्रो तक के स्ट्रेच को जाम मुक्त बनाने और यहां यातायात को सुगम बनाने के लिए तीन नए अंडरपास का निर्माण करेगी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को 59.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन अंडरपास का शिलान्यास किया।

इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि एक साल के अंदर तीनों अंडरपास बननेे के बाद रोजाना आउटर रिंग रोड व शालीमार बाग के बीच आवाजाही करने वाले हजारों वाहनों को जाम से निजात मिलेगी। अंडरपास बनने से मुकरबा चौक और हैदरपुर बादली मेट्रो के आसपास यातायात सुगम हो जाएगा और इससे प्रतिवर्ष 1.35 लाख किलो कार्बन गैस का उत्सर्जन कम होगा। साथ ही सालाना 58,000 लीटर ईंधन की बचत भी होगी।
उन्होंने बताया कि पहला अंडरपास हैदरपुर बादली मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-तीन पर बनाया जाएगा, जिसका उपयोग पैदल यात्री व हल्के वाहन बादली की ओर जाने के लिए कर सकेंगे, वहीं 50 मीटर लंबा दूसरा अंडरपास 9.6 मीटर चौड़ा व 6 मीटर ऊंचा होगा और इसका उपयोग बादली/आउटर रिंग रोड से आने वाले वाहन शालीमार बाग की ओर जाने के लिए कर सकेंगे। वर्तमान में बादली या आउटर रिंग रोड की ओर जाने वाले वाहनों को मुकरबा चौक पर जाकर लूप का उपयोग करके शालीमार बाग की तरफ वापस आना पड़ता है, लेकिन अंडरपास बनने के बाद वाहनों को लगभग 1.5 किमी कम दूरी तय करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि यहां बनने वाले तीसरे अंडरपास का उपयोग भविष्य में बनने वाले एलिवेटेड रोड के माध्यम से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले वाहनों को आजादपुर की तरफ जाने के लिए उपयोगी होगा, इससे मुकरबा चौक पर लगने वाले जाम में कमी आएगी। यहां मौजूदा सड़क के सुदृढ़ीकरण, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ को बेहतर बनाने के साथ-साथ सौन्दर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा।
विशेषताएं और फायदे
पहले अंडरपास से आउटर रिंग रोड के ट्रैफिक को प्रभावित किए बिना हैदरपुर से बादली की ओर जा सकेंगे वाहन चालक
दूसरे अंडरपास से आउटर रिंग रोड से शालीमार बाग जाने वाले वाहनों को नहीं करना होगा लूप का इस्तेमाल, 1.5 किमी की दूरी घटेगी
तीसरे अंडरपास से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से आजादपुर जाने वाले वाहनों को मिलेगा फायदा, मुकरबा चौक का ट्रैफिक भी कम होगा। इससे लोगों को जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा और उनकी सहूलियत बढ़ जाएगी
28 कोरोना योद्धाओं के परिवार को 1-1 करोड़ देगी दिल्ली सरकार
कोरोना महामारी के दौरान ड्यूटी करते हुए अपनी जान गंवाने वाले 28 कोरोना योद्धाओं के परिवारों को दिल्ली सरकार 1-1 करोड़ रुपए की सम्मान राशि देगी। इससे पहले दिल्ली सरकार 31 परिवारों को यह सम्मान राशि दे चुकी है। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की अध्यक्षता में हुई ग्रुप ऑफ़ मिनिस्टर्स की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
इस दौरान मनीष सिसोदिया ने कहा कि कोरोना योद्धाओं ने महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना मानवता और समाज की रक्षा करने का काम किया और अपने जीवन का बलिदान दिया। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि कोरोना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना लाखों जान बचाने वाले 28 कोरोना वारियर्स के परिवारों के लिए आज दिल्ली सरकार ने एक-एक करोड़ रुपए की सहायता-सम्मान राशि स्वीकृत की है। बैठक में परिवहन व राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications