Jharkhand: उत्कृष्ट विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 37 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल, सीएम ने किया ट्वीट
उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन के लिए परीक्षा दिलाने आए अभिभावकों ने अपनी भावना का भी खुलकर इजहार किया. जमशेदपुर निवासी रूबी दास ने कहा कि उन्हें उम्मीद है।

रांची: जमशेदपुर निवासी रूबी दास को अब उम्मीद है कि उनकी बेटी अंजना दास भी इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ाई कर सकेगी। रूबी दास अपनी होनहार बेटी को आर्थिक समस्या की वजह से सीबीएसई स्कूल में पढ़ाने में सक्षम नहीं थीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर शुरू की गई उत्कृष्ट विद्यालयों ने अंजना दास की बेटी को अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त करने का रास्ता साफ कर दिया। ऐसे ही हजारों अभिभावकों के सपने आकार ले रहे हैं। मंगलवार को उनके बच्चे सरकार द्वारा शुरू किए गए उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन के लिए पूरे राज्य के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चयन परीक्षा में शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि पहली बार सरकारी स्कूलों का कायाकल्प कर उत्कृष्ट विद्यालय बनाने की पहल मुख्यमंत्री के स्तर से हुई। इन विद्यालयों में अपने बच्चे-बच्चियों के नामांकन को लेकर अभिभावक खासा उत्साह दिखा रहे हैं। उत्कृष्ट विद्यालय की ऐतिहासिक पहल को सराहा जा रहा है।
प्रवेश परीक्षा देने आए बच्चों और उनके माता-पिता में खासा उत्साह देखने को मिला। कई माता-पिता के लिए यह भावुक क्षण भी था। उनका सपना साकार हो रहा था। गरीबी उनके बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने में आड़े नहीं आ रही थी।
कुल 11986 उपलब्ध सीट के लिए चयन परीक्षा में कुल 37309 विद्यार्थी शामिल हुए। सबसे अधिक देवघर में 3915, पलामू में 3344, लोहरदगा 2517, चतरा में 2352, सरायकेला - खरसावां में 1818, गिरिडीह में 1693, पूर्वी सिंहभूम में 1638, रामगढ़ में 1607, रांची में 1554 विद्यार्थी शामिल हुए।
अभिभावकों की मांग को देखते हुए उत्कृष्ट विद्यालयों में आवेदन जमा करने की समय सीमा 25 मई तक बढ़ाई गई थी। उसी के तहत मंगलवार को चयन परीक्षा का आयोजन हुआ। अब प्रथम मेधा सूची सात जून को जारी होगा। 12 जून से मेधा सूची के अनुसार नामांकन प्रारंभ होगा।












Click it and Unblock the Notifications