' द बीटल्स, द गंगा फेस्टिवल' का 27 अक्टूबर से होगा आगाज, सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे उद्धाटन
Uttarakhand News: तीन दिवसीय फेस्टिवल 'द बीटल्स, द गंगा' का आगाज उत्तराखंड में 27 अक्टूबर से होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। इस फेस्टिवल में संगीत प्रस्तुतियों के साथ ही स्थानीय हथकरघा उत्पाद और व्यंजनों की भी धूम रहेगी।
तीन दिवसीय इस फेस्टिवल का समापन 29 अक्तूबर को होगा। ऐसा बताया जा रहा है कि इस फेस्टिवल का आयोजन प्रदेश में पहली बार किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पौड़ी जिलाधिकारी आशीष चौहान व एसएसपी श्वेता चौबे ने लक्ष्मणझूला स्थित कैंप कार्यालय में फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर बैठक की।

पौड़ी डीएम ने कहा कि फेस्टिवल को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए सभी को गंभीरता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। बैठक के दौरान भीड़ प्रबंधन, निमंत्रण पत्र वितरण, स्टालों की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल पर सफाई आदि व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई।
डीएम ने जल्द सभी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। पहले दिन द दून स्कूल बैंड की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। खबर के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर करीब 800 लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर आए लोगों के लिए व्यवस्था बनाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। महोत्सव में लोक संस्कृति पर विशेष ध्यान रहेगा। इसके लिए यहां लगाए गए स्थानीय उत्पादों के स्टाल पर महिलाएं पारंपरिक वेषभूषा में रहेंगी। साथ ही स्टालों पर उपलब्ध स्थानीय उत्पादों पर उनको निर्मित करने वाली महिला की फोटो लगाने का भी प्रयास किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications