होमगार्ड की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रही है हमारी सरकार: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी
देहरादून, 07 दिसंबर। होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर आयोजित रैतिक परेड की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सलामी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड की परेड को देखकर उन्हें अपने एनसीसी के दिनों की यादें ताजा हो गईं। एक सैनिक पुत्र होने के नाते मुझे फोर्स व वर्दी से बहुत लगाव है। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी 6500 होमगार्ड हैं। इस संख्या को बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कहा कि फोर्स का सर्वांगीण विकास सरकार की योजनाओं का अहम हिस्सा है।

सोमवार को तपोवन स्थित होमगार्ड मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और विभागीय स्मारिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने संगठन के अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित भी किया। उन्होंने कोविड ड्यूटी के दौरान दिवंगत होमगार्ड स्व. रोशन सिंह की पत्नी बबीता को दो लाख व होमगार्ड राजबहादुर को एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए CM धामी कर रहे जी तोड़ मेहनत, बदल दी पूरी दिनचर्चा
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान थानो के छात्रावास और जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, हरिद्वार का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि होमगार्ड के जवान पूरे समर्पित भाव से जन सेवा और पुलिस को सहयोग करते आ रहे हैं। जवानों को जिस भी मोर्चे पर तैनात किया गया, उन्होंने उम्मीद से बढ़कर कार्य किया। कहा कि चार धाम यात्रा हो या फिर कुंभ का आयोजन, होमगार्ड के जवानों की हर स्थिति में भूमिका बेहद अहम रहती है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, अपर मुख्य सचिव आनंद बद्र्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, जीओसी सब एरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, कमांडेंट जनरल होमगार्ड अजय रौतेला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications