सीएम पटनायक बोले- बीजद का एजेंडा राज्य का विकास, हमारा फोकस राष्ट्रीय राजनीति नहीं
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष पर निशाना साधा है।

भुवनेश्वर,27 दिसंबरः ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार और पार्टी का एजेंडा राज्य का विकास है। राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय दल राज्यों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते, इसलिए हम राज्य के विकास के लिए काम कर रहे हैं। हमारे एजेंडे में राष्ट्रीय राजनीति नहीं है।
उन्होंने सोमवार को श्री जगन्नाथ धाम में आयोजित बीजद स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) का एक-सूत्री एजेंडा राज्य के विकास का है, जिस पर राष्ट्रीय दलों का ध्यान नहीं है। बीजद का ओडिशा की प्रगति के अलावा कोई निहित स्वार्थ नहीं है।
बीजू जनता दल की स्थापना 26 दिसंबर, 1997 को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के पिता बीजू पटनायक के नाम पर की गई थी। मुख्यमंत्री ने किसी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि बीजद का एकमात्र एजेंडा राज्य का हित है। राष्ट्रीय दलों के ध्यान के केंद्र में ओडिशा नहीं है। उनके एजेंडे में राष्ट्रीय राजनीति है। केवल एक क्षेत्रीय दल राज्य का विकास कर सकता है।
पटनायक ने कहा कि बीजद केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि सामाजिक आंदोलन है। जनता के बीच बीजद की प्रगति और स्वीकार्यता एक या दो लोगों पर निर्भर नहीं है, ना ही भविष्य में रहेगी। पार्टी को यदि महिलाओं का आशीर्वाद मिलता रहा, तो वह 100 और साल तक लोगों की सेवा करती रहेगी।


Click it and Unblock the Notifications
