बाबा बंदा सिंह की ऐतिहासिक धरोहर को CM मनोहर लाल देंगे सौगात,कई विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास
हरियाणा के लोहगढ़ को नया स्वरूप मिलेगा। राज्य की इस ऐतिहासिक धरोहर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज नई सौगातें देने जा रहे हैं।

चंडीगढ़, 1 जनवरीः हरियाणा के लोहगढ़ को नया स्वरूप मिलेगा। राज्य की इस ऐतिहासिक धरोहर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज नई सौगातें देने जा रहे हैं। लोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मृति स्थल पर अत्याधुनिक संग्रहालय का शिलान्यास करने के साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक धरोहर को पुनर्जीवित करना चाहते हैं ताकि आने वाली पीढ़ियों को अपने शहीदों की कुबार्नी से प्रेरणा मिल सके।
पंजाब की दिखेगी वास्तुकला
मुख्यमंत्री बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मृति स्थल पर एक अत्याधुनिक संग्रहालय का शिलान्यास करेंगे। परियोजना के पहले चरण में किला, मुख्य गेट तथा चारदीवारी का कार्य किया जाएगा। लोहगढ़ स्थित इस स्मृति स्थल को 20 एकड़ क्षेत्र में विस्तार किया जाएगा। स्मारक परिसर में पंजाब की महान किला वास्तुकला देखने को मिलेगी।
नानकशाही सिक्के की होगी स्थापना
लोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर द्वारा बनाए गए नानकशाही सिक्के की स्थापना से प्रवेश द्वार की शोभा बढ़ेगी। संग्रहालय में बाबा बंदा सिंह बहादुर के जन्म से लेकर अंतिम दौर तक के संपूर्ण जीवन का सार दिखाया जाएगा। संग्रहालय में बाबा बंदा सिंह बहादुर के जीवन के इतिहास के साथ-साथ नवीनतम तकनीकों के समावेश से आगंतुकों को एक नई दुनिया का आभास होगा।
दो होंगी फोटो गैलरी
बाबा बंदा सिंह बहादुर के जीवन को प्रदर्शित करने के लिए संग्रहालय की गैलरी-1 में बाबा बंदा सिंह बहादुर की जीवन गाथा दिखाई जाएगी, जो जम्मू में उनकी युवावस्था से शुरू होकर नांदेड़ में समाप्त होगी, जहां वे गुरु गोबिंद सिंह जी के बंदा बन जाते हैं। वहीं गैलरी-2 में बाबा के शासन के बारे में बताया जाएगा।
मार्शल आर्ट्स स्कूल बनेगा
परियोजना के चरण-2 में उनकी एक विशालकाय प्रतिमा की स्थापना के लिए एक वैश्विक डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी जो एक केंद्रीय आकर्षण होगा। वहीं दूसरे चरण में लोहगढ़ में मार्शल आर्ट्स स्कूल भी स्थापित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications