सीएम मनोहर लाल और ओपी धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को दिए जीत के टिप्स
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। हिसार के जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्यक्रमों का खाका खींचा गया।
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में हुई जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की इस बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकार की नीतियों और उपलब्धियां बताई।

साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव में जीत के लिए टिप्स भी दिए। वहीं लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले युवाओं को हजारों नौकरियां देने का ऐलान भी किया गया।
वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा सरकार ने केन्द्र सरकार की नीतियों का अनुसरण करते हुए गरीब कल्याण पर विशेष ध्यान दिया है। इसी को केन्द्र बिन्दु मानकर सरकार ने नीतियां बनाई है और हमारे जनहित के ये कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुशासन राज्य सरकार के लिए प्राथमिकता के क्षेत्र है, जिन पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा के सत्ता संभालने के बाद विकास को नई दिशा मिली है। खास बात यह है कि हिंदुओं को साम्प्रदायिक कहने वाले लोग सही रास्ते पर आ गए हैं और देश के सभी वर्गों का सम्मान हो रहा है। भाजपा सरकार ने दिखा दिया है कि अपने अधिकार किसी को छीनने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव को लगभग एक साल और विधानसभा चुनाव को लगभग डेढ़ साल का समय बचा है। ऐसे में जब समय कम बचा है तो हमें अपने काम की गति बढ़ानी पड़ेगी लेकिन इसमें नियमों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि सरकार जल्द ही लगभग 50 हजार नौकरियां देगी, जिससे युवा वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications