प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट से पहले अमृतसर में सीएम मान ने लिए कारोबारियों से सुझाव, जानिए क्या कहा?
प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट से पहले सीएम मान ने उद्योगपतियों से चर्चा की। सीएम के साथ कैबिनेट मिनिस्टर डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर, कुलदीप सिंह धालीवाल, हरभजन सिंह ईटीओ और अनमोल गगन मान भी रहे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार दोपहर अमृतसर पहुंच गए। वह यहां इसी महीने होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट को लेकर माझा के उद्योगपतियों से चर्चा कर रहे हैं। सीएम के साथ कैबिनेट मिनिस्टर डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर, कुलदीप सिंह धालीवाल, हरभजन सिंह ईटीओ और अनमोल गगन मान भी हैं।
पंजाब सरकार मोहाली में 23 और 24 फरवरी को प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट करवा रही है। खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान इससे पहले पंजाब के अलग-अलग शहरों में जाकर वहां के कारोबारियों से मिल रहे हैं। इस दौरान कारोबारियों और उद्योगपतियों से सुझाव लिए जा रहे हैं कि पंजाब में इंडस्ट्री और बाहरी इन्वेस्टर्स को बुलाने के लिए सरकार को क्या-क्या पहल करनी चाहिए?
पंजाब में होने वाली मुख्यमंत्री की यह तीसरी बैठक है। इससे पहले वह लुधियाना और जालंधर में व्यापारियों से बातचीत कर चुके हैं। इन बैठकों में सीएम ने उद्योगपतियों को सुरक्षित व सुविधाजनक माहौल उपलब्ध करवाने का वादा किया। कारोबारियों से उनकी दिक्कतों को समझा जा रहा है। साथ ही उनकी मोहाली में होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट में भागीदारी सुनिश्चित बनाने की कोशिश भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान कह चुके हैं कि पंजाब में आज तक टूरिज्म के बारे में किसी ने बात नहीं की। रणजीत सागर डैम में 16 एकड़ टापू पर ताज जैसा होटल बनाया जा सकता है। ऐसी कई जगह हैं, जहां विकास किया जा सकता है। अमृतसर में तो देश-भक्ति को लेकर टूरिज्म प्रमोट किया जा सकता है। यहां जलियांवाला बाग, अटारी बॉर्डर और वॉर मेमोरियल जैसी जगह हैं।
पंजाब में टूरिज्म और इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए सरकार बड़े घरानों से बातचीत कर रही है लेकिन उसकी पंजाब के मौजूदा कारोबारी ही हैं। सरकार पहला मौका अपने यहां की मौजूदा इंडस्ट्री को देना चाहती है। दिक्कतें दूर करने के लिए सिंगल विंडो पंजाब सरकार ने उद्योगों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो प्रणाली शुरू की है। कारोबारी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। पिछली सरकारों ने ऐसा करने का आश्वासन तो दिया, मगर इसे लागू नहीं किया गया।
पंजाब सरकार ने पिछले हफ्ते ही नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी को भी मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री खुद कारोबारियों को इस पॉलिसी की खासियतों के बारे में बता रहे हैं। उद्योग लगाने पर कारोबारियों को हर तरह का सहयोग देने का वादा किया जा रहा है।
कई राज्यों का दौरा कर चुके सीएम
मुख्यमंत्री भगवंत मान हाल में चेन्नई, हैदराबाद और मुंबई का दौरा करके आए हैं। उन्होंने वहां उद्योगपतियों से मिलकर उन्हें मोहाली में होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट का न्योता दिया। पंजाब सरकार का कहना है कि अन्य राज्यों के उद्योगपति पंजाब में निवेश के लिए रुचि दिखा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications