
CM हेमंत सोरेन का राहुल गांधी को फुल सपोर्ट, JMM नेताओं को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का निर्देश
रांची, 28 नवंबर: इंदौर में राहुल गांधी के जत्थे के साथ झारखंड के 50 नेता भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे और 2 दिनों तक वहां की गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसको लेकर आज यानी सोमवार को इंदौर के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के मंत्री मिथिलेश ठाकुर रांची एयरपोर्ट से रवाना हुए।

झामुमो भी राहुल के जत्थे में शामिल, इंदौर में जुड़ेंगे मिथिलेश ठाकुर
गठबंधन धर्म का पालन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता भी अब भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा होंगे। मध्यप्रदेश के इंदौर में राज्य कैबिनेट के मंत्री मिथिलेश ठाकुर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के साथ यात्रा का हिस्सा बनेंगे। इसके साथ ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में सोमवार 28 नवंबर को 50 कांग्रेसजनों का जत्था राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगा। प्रदेश के 12 जिलों में भारत जोड़ो यात्रा के आयोजन के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो यात्रा में 29 एवं 30 नवंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में झारखंड से रवाना हुए कांग्रेसी शामिल होंगे।
ये तमाम नेता होगें शामिल
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के नेता वायु मार्ग, ट्रेन एवं सड़क मार्ग से भारत जोड़ा यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे हैं। इस जत्थे में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश संयोजक सुबोधकांत सहाय, कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, विधायक प्रदीप यादव, अनूप सिंह, अंबा प्रसाद, रामचंद्र सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, योगेन्द्र साव, कालीचरण मुण्डा, शशि भूषण राय, विनय सिन्हा दीपू, शकील अख्तर अंसारी, कुमार राजा, अमुल्य नीरज खलखो, सतीश पॉल मुंजनी, भानु प्रताप बड़ाईक, केदार पासवान आदि शामिल होंगे।
भारत जोड़ो यात्रा की पांचवें चरण का नेतृत्व राजेश ठाकुर करेंगे
प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश के अंदर चार चरणों की यात्रा का सफलता पूर्वक समापन हो चुका है। इंदौर से लौटने के बाद पांचवें चरण की भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में होगा। ज्ञात हो कि कांग्रेस की यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र होते हुए मध्य प्रदेश पहुंची है।