युवा छत्तीसगढ़ की ऊर्जा से राज्य को बनाएंगे माडल: सीएम बघेल
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस पर बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ अपने निर्माण का 21वां वर्ष पूर्ण कर 22वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। हमारा युवा छत्तीसगढ़ ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरा हुआ है। इस ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल करते हुए हमें छत्तीसगढ़ राज्य को एक माडल राज्य बनाना है।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ का संकल्प लेकर मजूबत इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार ने राज्य की संस्कृति, संस्कार और संसाधनों को संरक्षित और सवंर्धित करने के साथ ही सुलभ और सुचारू प्रशासन व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाए हैं।
वन अधिकार पट्टा, तेंदूपत्ता बोनस और वनोपजों का वाजिब दाम दिलाकर राज्य सरकार ने जल, जंगल, जमीन का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाया है। विकास प्रदेश के हर कोने और हर व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए नई प्रशासनिक इकाइयों का गठन किया गया है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती सरकार की प्राथमिकताओं में है, जिससे घर-परिवार के पास ही लोगों को बेहतर रोजगार उपलब्ध हो सके। इसी उद्देश्य से सुराजी गांव योजना और गोधन न्याय योजना की शुरुआत की गई। दो रुपये किलो में गोबर खरीदी और जैविक खाद के निर्माण से पौने दो लाख से ज्यादा ग्रामीण, किसान और महिलाएं लाभांवित हो रही हैं।
अन्नताओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए कर्ज माफी के साथ ही राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से उन्हें इनपुट सब्सिडी दी जा रही है। पिछले साल की तरह इस साल भी लगभग 22 लाख किसानों को 5,702 करोड़ रुपये की सहायता जानी है। इसकी तीसरी किश्त का भुगतान राज्य स्थापना दिवस पर किया जा रहा है।
महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने के लिए महिला कोष से स्व-सहायता समूहों को दिये गए लगभग 13 करोड़ रुपये के कालातीत ऋण माफ करने के साथ उनकी ऋण लेने की सीमा को भी बढ़ा दिया गया है, ताकि महिलाएं नए सिरे से अपना काम शुरू कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications