सीएम केजरीवाल ने दिया दिवाली का तोहफा, जनकपुरी से आरके आश्रम के बीच मेट्रो का रास्ता साफ
जनकपुरी से आरके आश्रम के बीच मेट्रो संचालन का रास्ता अब साफ हो गया है।
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर: जनकपुरी से आरके आश्रम के बीच मेट्रो संचालन का रास्ता अब साफ हो गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज दिल्ली वालों को दिवाली का तोहफा देते हुए जनकपुरी और आरके आश्रम के बीच मेट्रो संचालन में लंबे समय से अड़चन को दूर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब पश्चिम और मध्य दिल्ली के लाखों लोगों को दिल्ली के अन्य हिस्सों समेत एनसीआर के शहरों में आना-जाना आसान हो जाएगा। डेरावल नगर के पास इस प्रोजेक्ट में 316 पेड़ आने से काम प्रभावित हो रहा था। सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज इन पेड़ों को काटने और प्रत्यारोपित करने की अनुमति दी है।

कितने पेड़ लगाएगी डीएमआरसी?
डीएमआरसी को अब प्रोजेक्ट में आ रहे इन 316 पेड़ों की जगह 10 गुना अधिक 3160 नए पेड़ लगाने होंगे। 29.5 किमी. का यह कॉरिडोर मजेंट लाइन के जनकपुरी वेस्ट स्टेशन को ब्लू लाइन के आरके आश्रम स्टेशन से जोड़ेगा। यह कॉरिडोर जनकपुरी से आरके आश्रम के बीच सदर बाजार, पुलबंगश, घंटा घर, डेरावल नगर, अशोक विहार, आजादपुर, पीतमपुरा, मंगोलपुरी, पीरागढ़ी, पश्चिम विहार, केशोपुर सहित कई घनी आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरेगा।
मजेंटा लाइन से आरके आश्रम को जोड़ेगी ये मेट्रो लाइन
दिल्ली मेट्रो के फेस-4 के तहत जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम तक का यह कॉरिडोर करीब 29.5 किलोमीटर का बनाया जाना है। यह कॉरिडोर मजेंटा लाइन के जनकपुरी वेस्ट स्टेशन को ब्लू लाइन के आरके आश्रम स्टेशन से जोड़ेगा। इस कॉरिडोर के अंतर्गत आरके आश्रम, नबी करीम, सदर बाजार, पुलबंगश, घंटा घर, डेरावल नगर, अशोक विहार, आजादपुर, मजलिस पार्क, भलस्वा, हैदरपुर बादली मोड़, उत्तरी पीतमपुरा, प्रशांत विहार, मधुबन चौक, दीपाली चौक, पुष्पांजलि एन्क्लेव, वेस्ट एन्क्लेव, मंगोलपुरी, पीरागढ़ी, पश्चिम विहार, केशोपुर, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और जनकपुरी पश्चिम समेत 22 स्टेशन बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications